सिरकोनी, जौनपुर। स्थानीय क्षेत्र के कोतवालपुर गांव में जल जीवन मिशन की लापरवाही को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। नाराज ग्रामीणों ने अधूरे पड़े कार्य और पानी की समस्या को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। ग्रामीणों का आरोप है कि गांव में जल जीवन मिशन के तहत पाइपलाइन सति अन्य कार्य शुरू तो किये गये लेकिन उन्हें बीच में ही अधूरा छोड़ दिया गया। इसके चलते गांव के लोगों को अब भी पानी के लिये जूझना पड़ रहा है।
लोगों का कहना है कि यदि योजना का कार्य पूरा हो जाता तो उन्हें नियमित और स्वच्छ पेयजल मिल सकता था। अधिकारियों की मिलीभगत से बजट का दुरुपयोग कर काम अधूरा छोड़ दिया गया। साथ ही जहां काम हुआ भी है, वहां साफ-सफाई का अभाव है जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की गयी लेकिन अब तक कोई अधिकारी मौके पर जांच के लिए नहीं पहुंचा। इससे आक्रोशित होकर गांव के लोगों ने विरोध प्रदर्शन किया और चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो वे धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। फिलहाल प्रशासन की ओर से इस मामले में कोई ठोस कार्यवाही सामने नहीं आई है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान जटाशंकर, हरेंद्र फौजी, अनीता देवी, गीता देवी, नरेंद्र सहित तमाम लोग मौजूद रहे।

إرسال تعليق