
जौनपुर। महाशिवरात्रि पर समस्त विकास खंडों में गो-आश्रय स्थलों पर नंदी पूजन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस क्रम में जिलाधिकारी डॉ दिनेश चंद्र द्वारा सोंधी, शाहगंज के ग्राम पंचायत सराय ख्वाजा के अस्थाई गो आश्रय स्थल पहुंचकर श्रद्धा एवं विधि-विधान के साथ नंदी पूजन कार्यक्रम में सहभागिता की। जिलाधिकारी द्वारा गोवंश का विधिवत पूजन-अर्चन तथा माल्यार्पण एवं तिलक किया गया।
जिलाधिकारी ने गौ वंशों को अपने हाथों से गुड़, केला तथा हरा चारा खिलाया। गौसेवा को भारतीय संस्कृति की महत्वपूर्ण परंपरा बताते हुए कहा कि महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर भगवान शिव के वाहन नंदी की पूजा का विशेष महत्व है। उन्होंने कहा कि गौसेवा और गौ संरक्षण हमारी सनातन संस्कृति का अभिन्न अंग है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इसमें सहभागिता करनी चाहिए। इस दौरान जिलाधिकारी ने गो संरक्षण केंद्र की व्यवस्थाओं का अवलोकन भी किया। उन्होंने समस्त गो आश्रय स्थलों में गोवंश के लिए स्वच्छ पेयजल, पर्याप्त चारा, चिकित्सा सुविधाओं एवं साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही गो संरक्षण केंद्र के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ करने पर बल दिया।
इस दौरान जिलाधिकारी ने गोवंश की देखभाल करने वाले गो सेवक को अंगवस्त्रम पहनाकर सम्मानित भी किया।
इस अवसर पर खंड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी सहित गो संरक्षण केंद्र के कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।
Post a Comment