Trending

Jaunpur News : तालाब में नहाने गये युवक की डूबने से हुई मौत, मचा कोहराम

टीम संचार सेतु

सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के बसौली धाम स्थित तालाब में बुधवार को नहाने गए एक युवक की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान ऊंचगांव निवासी रोहित पुत्र राम शबद (22) के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोहित अपने भाई मोहित के साथ सुबह तालाब में नहाने गया था। नहाने के दौरान मोहित पहले बाहर आ गया, लेकिन रोहित तालाब में ही रह गया। कुछ देर बाद जब वह बाहर नहीं आया, तो मोहित को अनहोनी की आशंका हुई। उसने तत्काल स्थानीय लोगों को सूचित किया। ग्रामीणों ने काफी देर तक तालाब में युवक की तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। घटना की सूचना मिलते ही सरपतहां थाना प्रभारी अमित सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और तुरंत ही जिला मुख्यालय से गोताखोर टीम को बुलाया गया। घंटों की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने रोहित का शव तालाब से बाहर निकाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी की और मोहित की तहरीर पर आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक रोहित अविवाहित था और अपने परिवार का सहारा था। उसकी असमय मृत्यु से पूरे परिवार में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजन और ग्रामीणों के अनुसार रोहित एक मिलनसार और मेहनती युवक था, जिसकी मौत ने सभी को स्तब्ध कर दिया है। इस हृदय विदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग परिजनों को ढांढस बंधाने पहुंच रहे हैं। वहीं पुलिस भी मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!