Jaunpur News : ​गो आश्रय स्थल का जिलाधिकारी ने किया निरीक्षण

जौनपुर। जिलाधिकारी डॉ. दिनेश चन्द्र के द्वारा मंगलवार को अस्थायी गो आश्रय स्थल सादनपुर, बक्शा का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान डीएम ने गो आश्रय स्थल में भूसा, हरा चारा, पेयजल, सोलर प्लांट इत्यादि की उपलब्धता के सम्बन्ध में जानकारी ली। गो-आश्रय स्थल में नैपियर घास की खेती को देखकर डीएम ने प्रसन्नता व्यक्त किया। इसके लिए उन्होने ग्राम प्रधान और खण्ड विकास अधिकारी की प्रशंसा की। उन्होंने कहा कि इनसे प्रेरणा लेते हुए अन्य गो-आश्रय स्थलों में भी नैपियार घास की बुवाई की जाए, जिससे गोंवशों को पर्याप्त मात्रा में हरा चारा मिल सके और वे स्वस्थ रहे। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि मुख्यमंत्री की प्रेरणा से जनपद में भूसा दान एवं क्रय हेतु वृहद अभियान चलाया जा रहा है। गो-आश्रय स्थल सादनपुर में दाना दाताओं के द्वारा भूसा दान किया जा रहा है तथा भूसा क्रय भी किया जा रहा है जिससे कि पर्याप्त मात्रा में भूसा उपलब्ध रहे। इस दौरान जिलाधिकारी के द्वारा एक खेत में बकरी चरा रहे किसान रामस्वारथ पाल से संवाद करते हुए उनसे बकरी पालन के सम्बन्ध में जानकारी ली। पशु चिकित्सा अधिकारी को उनके बकरियों का बीमा कराने, और उन्हें बकरी पालन से सम्बन्धी तकनीकी जानकारी प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को बकरी पालन के लिए किसानों को लोन उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया। इस अवसर पर खण्ड विकास अधिकारी पीयूष त्रिपाठी, ग्राम प्रधान सहित अन्य उपस्थित रहे।
प्राइमरी स्कूल का लिया जायजा
डीएम ने प्राथमिक विद्यालय सादनपुर, बक्शा का भी औचक निरीक्षण कर पठन-पाठन का जायजा लिया। विद्यालय में कुल नामांकन 55 के सापेक्ष 41 छात्र-छात्राएं उपस्थित पाये गये। डीएम ने कक्षा 4 एवं 5 में जाकर बच्चों से उनके पाठ्यक्रम की जानकारी ली। ब्लैक बोर्ड पर लिखे गये सामान्य ज्ञान के प्रश्नों भारत के प्रधानमंत्री, राष्ट्रपति, गृह मंत्री, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री का नाम, प्रदेश जनपद एवं देश के नाम को पढ़वाया। कक्षा 4 की छात्रा रिया निषाद, सारिका शर्मा एवं कक्षा 5 की हर्षिता ने प्रश्नों का सही उत्तर दिया जिससे प्रसन्न होकर डीएम ने विद्यालय के सभी बच्चों को अपने हाथों से मिठाई खिलाई। साथ ही ड्राई फ्रूट देते हुए इसका हलवा बनाकर सभी बच्चों को खिलाने एवं उसकी फोटोग्राफ भेजने के लिए प्रधानाध्यापक एवं रसोइया को निर्देशित किया।

0 Comments

Post a Comment

Post a Comment (0)

Previous Post Next Post