सुइथाकला, जौनपुर। ऊंचगांव स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में प्रभारी वार्डेन के खिलाफ दर्ज शिकायत की जांच के लिए मंगलवार को बीएसए द्वारा गठित टीम ने विद्यालय का दौरा किया। हालांकि, जांच के समय शिकायतकर्ता छात्रा उपस्थित नहीं थी। जांच दल ने विद्यालय स्टाफ से मौखिक और लिखित रूप में बयान दर्ज किए। कक्षा आठ की छात्रा किरण कुमारी ने महानिदेशक शिक्षा को प्रार्थना पत्र भेजकर आरोप लगाया था कि प्रभारी वार्डेन पूनम सिंह यादव और एक अन्य कर्मचारी को उसने विद्यालय से खाद्यान्न व अन्य सामान चुराते हुए देखा था। आरोप के अनुसार, वार्डेन ने छात्रा को इस घटना को किसी से न बताने का दबाव डाला, लेकिन जब छात्रा ने मना किया, तो उसे एक बंद कमरे में पीटा गया और अर्धवार्षिक परीक्षा में बैठने से भी वंचित कर दिया गया। शिकायत के बाद मामला तूल पकड़ने लगा, जिसके बाद बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारी आनंद प्रकाश सिंह को जांच सौंपी। हालांकि, पीड़िता ने इस जांच को लीपापोती व पक्षपातपूर्ण बताते हुए अस्वीकार कर दिया। इसके पश्चात बीएसए ने शाहगंज, सुजानगंज, महराजगंज और मुफ्तीगंज के चार खंड शिक्षा अधिकारियों की एक संयुक्त टीम बनाकर जाँच के लिए भेजा।
Jaunpur News : कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय में शिकायत की जांच को पहुंची टीम
byटीम संचार सेतु
-
0
Post a Comment