Trending

Jaunpur : ​शौहर ने फोन पर ही पत्नी को कहा तलाक, तलाक, तलाक...

टीम संचार सेतु

जौनपुर। जिले में तीन तलाक का एक अजीबोगरीब मामला प्रकाश में आया है। शाहगंज कोतवाली क्षेत्र के शाहपंजा मोहल्ले की रहने वाली विवाहिता को उसके पति ने सिर्फ इस बात के लिए तलाक दे दिया कि वह उससे कपड़े मांग रही थी। रोजी रोटी के सिलसिले में पति मुंबई रहता है। फिलहाल विवाहिता न्याय के लिए दर-दर की ठोकरें खा रही है। बताते हैं कि विवाहिता दरख्शां बानो का निकाह 4 अप्रैल 2021 को सुल्तानपुर के कादीपुर तहसील क्षेत्र के सूरापुर पुरानी बाजार के रहने वाले मेराज के साथ हुआ था। आरोप है कि आए दिन पति और उसके परिजन दहेज में 2 लाख नकद और एक बाइक की मांग करते थे। 7 जनवरी को दरख्शां बानो के पति मेराज ने उसे फोन करके कहा कि मुंबई से भतीजा फैजान शाहगंज जा रहा था। यह सुनते ही विवाहिता ने तपाक से अपने पति से कहा कि उसके लिए कुछ कपड़े, जरूरत के सामान और पैसे भतीजे फैजान के साथ भेज दीजिए। यह सुनते ही पति आगबबूला हो गया और तीखी नोक झोंक करने लगा। इतना ही नहीं उसने फोन ही खूब गालियां दी और इसके बाद तलाक, तलाक, तलाक कहते हुए फोन काट दिया। इसके बाद पत्नी ने कई बार फोन किया लेकिन वह बार-बार फोन काट दे रहा था। तलाक की बात सुनकर किसी तरह ससुराल में जीवन बसर कर रही पत्नी की जिंदगी में मानो भूचाल सा आ गया हो। रोते हुए उसने अपनी बहन और पिता को यह बात बताई। इस पर पिता ने ग्राम प्रधान समेत गांव के बुजुर्गों, बुद्धिजीवियों को इसकी सूचना दी और पुत्री को घर लेकर आ गए। अब न्याय की गुहार लेकर दर दर की ठोकरें खाने को मजबूर है। मामला जब एसपी जौनपुर के यहां पहुंचा तब जाकर शाहगंज में मुकदमा दर्ज हुआ और अब पुलिस जांच पड़ताल में जुट गई है।


#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!