मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कन्यादान के समान पुण्यदायी: अरुणेश दास
अयोध्या। कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की एकादशी तिथि दो दिन होने के कारण शनिवार को रामनगरी अयोध्या स्थित लश्करी मंदिर में श्रद्धा और उत्साह के साथ तुलसी विवाह पूजन संपन्न हुआ। इस अवसर पर महिलाओं ने व्रत रखकर मां तुलसी और भगवान शालिग्राम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की तथा परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की।
मां तुलसी को दुल्हन की तरह सजाया गया। उन्हें लाल चुनरी, पुष्प, मिठाइयां, हलवा-पूरी तथा विभिन्न पूजन सामग्री अर्पित की गई। मंदिर परिसर में भक्तिमय वातावरण बना रहा।
लश्करी मंदिर के अधिकारी अरुणेश दास उर्फ अरुण सिंह ने बताया कि धार्मिक मान्यता के अनुसार मां तुलसी और भगवान शालिग्राम का विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य प्राप्त होता है। इससे घर में सुख-समृद्धि आती है और परिवार में खुशहाली बनी रहती है। भगवान विष्णु के शालिग्राम स्वरूप एवं माता तुलसी का विवाह कराने से भक्तों के कष्ट दूर होते हैं। साथ ही विवाह में बाधाओं का सामना कर रहे युवक-युवतियों के लिए भी यह पूजन विशेष फलदायी माना जाता है।
लश्करी मंदिर में पिछले कई वर्षों से तुलसी विवाह पूजन का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी ब्राह्मण पंडित अमर शास्त्री ने विधि-विधान एवं मंत्रोच्चार के साथ पूजन संपन्न कराया। मंदिर के प्रधान पुजारी करुणेश दास ने आरती कर विवाह महोत्सव का समापन किया। लश्करी मंदिर के अलावा अयोध्या के विभिन्न मंदिरों एवं घरों में भी श्रद्धालुओं ने धूमधाम से तुलसी विवाह पूजन किया। इस अवसर पर सविता सिंह, यशस्वी राजपूत, दीप्ति सिंह, युवराज सिंह, मधुलता सिंह, कृष्णा सिंह, अतुल दुबे सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
