
सुइथाकला, जौनपुर। सरपतहां थाना क्षेत्र के अमावांकला गांव निवासी 22 वर्षीय युवक की मंगलवार को सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। बहन की शादी की खुशियां पलभर में मातम में बदल गईं।
जानकारी के अनुसार उक्त गांव निवासी दिव्यम दूबे मंगलवार सुबह अपने एक मित्र के साथ बहन की शादी का निमंत्रण देने खुटहन थाना क्षेत्र के डिहिया गांव स्थित ननिहाल गया था। वहां से लौटते समय दशगरपारा गांव के पास सामने से आ रही दूसरी बाइक से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दिव्यम की घटनास्थल पर ही मौत हो गई जबकि दोनों बाइकों पर सवार दो अन्य युवक घायल हो गये। घायलों को उपचार के लिये जौनपुर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक अपनी माता-पिता का इकलौता पुत्र था और परिवार के भरण-पोषण की जिम्मेदारी भी उसी पर थी। आगामी 21 नवंबर को बहन की शादी होनी थी। घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं लेकिन बहन की डोली उठने से पहले भाई की अर्थी उठने की खबर ने पूरे परिवार को झकझोर कर रख दिया। घटना से गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर व्याप्त है।