मड़ियाहूं (जौनपुर)। क्षेत्र पंचायत मड़ियाहूं की ओर से महमदपुर-मोकलपुर मार्ग पर नाले के बीच पुलिया का निर्माण कराया गया। मंगलवार को क्षेत्र प्रमुख रेखा यादव ने ग्रामीणों की मौजूदगी में फीता काटकर पुलिया का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि क्षेत्र का सर्वांगीण विकास उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
पूर्व प्रधान राजेंद्र यादव और रमापति ने बताया कि पुलिया बनने से करीब एक दर्जन गांवों के हजारों लोगों को आवागमन में राहत मिलेगी। अजोशी, पिपरा, फतूपुर, गनापुर और मोकलपुर सहित आसपास के गांवों के लोगों को अब नाला पार करने की समस्या से निजात मिलेगी। साथ ही आवागमन की दूरी भी कम होगी।
इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य प्रेम नारायण यादव, पप्पू यादव, अरुण कुमार यादव, दयाशंकर, प्रदीप, भुवाल मौर्य और धीरज यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
