Trending

Jaunpur News : यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो में जौनपुर की कंपनी ने बनाई अंतरराष्ट्रीय पहचान

Naya Savera Network

जौनपुर, 1 अक्टूबर। जनपद जौनपुर की उभरती हुई होम केयर उत्पाद निर्माता कंपनी सम्यक दृष्टि होम केयर प्राइवेट लिमिटेड ने यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 में अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई। ग्रेटर नोएडा स्थित इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में 25 से 29 सितंबर तक आयोजित अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में कंपनी ने अपने विभिन्न होम केयर उत्पादों का प्रदर्शन किया।

प्रदर्शनी में देश-विदेश से बड़ी संख्या में विजिटर्स, व्यापारिक प्रतिनिधि और खरीदार पहुंचे। कंपनी के स्टॉल पर करीब 10 से 15 हजार लोगों ने पहुंचकर उत्पादों की जानकारी ली। कंपनी की ओर से पावरड्रॉप बैटरी का पानी, हाथ धोने का लिक्विड डिटर्जेंट, फर्श साफ करने वाला क्लीनर, टॉयलेट क्लीनर और डिशवॉश सहित विभिन्न होम केयर उत्पाद प्रदर्शित किए गए।

व्यापारिक समझौतों से बढ़ी उम्मीद

प्रदर्शनी के दौरान कंपनी को अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से सकारात्मक व्यावसायिक प्रतिक्रिया मिली। कंपनी के अनुसार श्रीलंका की फ्लोर केयर सर्विस के साथ 6,732.68 अमेरिकी डॉलर, केन्या की डिवाइनी इनेब्लड के साथ 17,909.21 अमेरिकी डॉलर तथा इथियोपिया की डीएच हैंड ट्रेड्स पीएलसी के साथ 15,000 अमेरिकी डॉलर के निर्यात संबंध स्थापित करने के उद्देश्य से एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए।

विदेशी बाजारों में विस्तार की तैयारी

कंपनी के प्रबंध निदेशक आनंद कुमार सिंह ने बताया कि यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो 2026 उनके लिए केवल प्रदर्शनी नहीं, बल्कि भारतीय होम केयर उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण मंच साबित हुआ। उन्होंने कहा कि श्रीलंका, केन्या और इथियोपिया के खरीदारों के साथ हुए समझौते विदेशी बाजार में विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने कहा कि कंपनी का लक्ष्य इन प्रारंभिक व्यावसायिक संबंधों को नियमित निर्यात, दीर्घकालीन व्यापारिक साझेदारी और नए अंतरराष्ट्रीय बाजारों में विस्तार में बदलना है। ‘मेड इन इंडिया’ उत्पादों की गुणवत्ता और प्रतिस्पर्धात्मक क्षमता को वैश्विक बाजार में स्थापित करने के लिए कंपनी लगातार प्रयास कर रही है।

जौनपुर के उद्यमियों के लिए बढ़ी संभावनाएं

कंपनी के अनुसार, अंतरराष्ट्रीय खरीदारों से मिली प्रतिक्रिया से अफ्रीका समेत अन्य विदेशी बाजारों में उत्पादों के विस्तार की नई संभावनाएं सामने आई हैं। जौनपुर की कंपनी का अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले में पहुंच बनाना स्थानीय स्तर पर उद्यमिता, एमएसएमई विकास और निर्यात की संभावनाओं के लिहाज से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। कंपनी का यह प्रयास स्थानीय स्तर पर निर्मित उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने की दिशा में एक उदाहरण के रूप में सामने आया है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!