जौनपुर। शहर कोतवाली क्षेत्र में एक नाबालिग को बहला-फुसलाकर ले जाने, दो बार खून निकलवाने और आधार कार्ड बदलकर इस्तेमाल करने के आरोप में पुलिस ने एफआईआर दर्ज की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 12 सितंबर को दोपहर करीब तीन बजे सिपाह निवासी शाकिब मेहंदी उनके नाबालिग बेटे को घर से अपने साथ ले गया। आरोप है कि वह उसे नईगंज में दूबे ढाबा के पास स्थित गोमती चैरिटेबल ब्लड बैंक ले गया, जहां दो बार उसका खून निकाला गया। महिला का आरोप है कि इस दौरान बेटे की जगह अर्जुन गौतम के आधार कार्ड का इस्तेमाल किया गया।
महिला के मुताबिक, 12 सितंबर को बेटे के शरीर में खून की मात्रा 12.8 प्रतिशत थी, जो 24 सितंबर को जांच कराने पर घटकर 7.9 प्रतिशत रह गई। उन्होंने शाकिब मेहंदी, जाकिर अली, सुनील, रंजीत, ब्लड बैंक के मालिक और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
शहर कोतवाल अनिता सिंह ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।
