Trending

Jaunpur News : जौनपुर में असलहे के दम पर 40 हजार की लूट का खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

Naya Savera Network

पदुमपुर तिराहे पर व्यापारी से हुई थी लूट, 8,300 रुपये, आधार कार्ड और बैंक कार्ड बरामद

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के पदुमपुर तिराहे पर असलहे के दम पर हुई लूट की घटना का पुलिस ने खुलासा किया है। एसओजी और सर्विलांस टीम की मदद से पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 8,300 रुपये नकद, पीड़ित का आधार कार्ड और यूनियन बैंक का क्रेडिट/एटीएम कार्ड बरामद किया गया है। घटना में शामिल एक अन्य आरोपी की तलाश की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, 24 अक्टूबर की रात करीब नौ बजे जमालपुर निवासी दिलीप कुमार मौर्य दुकान बंद कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। पदुमपुर तिराहे पर अपाचे बाइक सवार तीन बदमाशों ने उन्हें असलहा दिखाकर डराया और उनका बैग व पर्स लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की तहरीर पर सरायख्वाजा थाने में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी।

पुलिस ने मामले में मुलायम यादव उर्फ विवेक निवासी बड़ौना, थाना शाहगंज और सनुप प्रजापति निवासी सुल्तानपुर हाय, थाना कोतवाली, जौनपुर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि लूट की योजना उनके फरार साथी किशन गौड़ ने बनाई थी। वारदात में उसी की अपाचे बाइक और असलहे का इस्तेमाल किया गया था।

पुलिस के मुताबिक, लूट में कुल 40 हजार रुपये और दस्तावेज मिले थे। किशन ने मुलायम को 15 हजार रुपये व आधार कार्ड तथा सनुप को सात हजार रुपये व एटीएम कार्ड दिया था। शेष रकम खाने-पीने और कपड़े खरीदने में खर्च कर दी गई। आरोप है कि मुलायम आधार कार्ड के जरिए पीड़ित के नाम पर फर्जी सिम निकलवाकर उसका दुरुपयोग करना चाहता था।

कार्रवाई अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण आतिश कुमार सिंह के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर विजय चौधरी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। पुलिस फरार आरोपी की तलाश में जुटी है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!