Trending

Jaunpur News : लेखपाल से दुर्व्यवहार में चार पुलिसकर्मी निलंबित

Naya Savera Network


कार्रवाई के बाद लेखपाल संघ ने खत्म किया काम बंद आंदोलन

जौनपुर। सदर तहसील में तैनात लेखपाल हिमांशु यादव के साथ दुर्व्यवहार के मामले में चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। कार्रवाई के बाद उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ ने अपना काम बंद आंदोलन खत्म करने की घोषणा कर दी।

बताया गया कि एसओजी टीम किसी अन्य व्यक्ति की तलाश में छापेमारी करने पहुंची थी। इसी दौरान गलतफहमी में टीम ने लेखपाल हिमांशु यादव को पकड़ लिया। आरोप है कि उनके साथ दुर्व्यवहार किया गया। घटना के बाद लेखपाल संघ ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया था।

मामले में अधिकारियों से बातचीत के बाद पुलिस अधीक्षक ने क्राइम ब्रांच के चार पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। निलंबित होने वालों में हेड कांस्टेबल प्रफुल्ल यादव, हेड कांस्टेबल आशुतोष सिंह, हेड कांस्टेबल धर्मेंद्र यादव और कांस्टेबल विनीत यादव शामिल हैं।

इस कार्रवाई की मांग को लेकर सदर अध्यक्ष विक्रांत सिंह चौहान के नेतृत्व में लेखपालों ने प्रदर्शन किया था। दर्जनों लेखपालों ने अपर जिलाधिकारी से मुलाकात कर अपनी शिकायत रखी थी। अपर जिलाधिकारी ने जिला कार्यकारिणी को पुलिसकर्मियों के निलंबन की जानकारी दी।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने भी जिला अध्यक्ष को फोन पर कार्रवाई की जानकारी दी। शुरुआत में आदेश की प्रति नहीं मिलने से लेखपालों में कुछ असमंजस रहा। बाद में मुख्य राजस्व अधिकारी ने जिला अध्यक्ष और पीड़ित लेखपाल हिमांशु यादव को बुलाकर निलंबन आदेश की प्रति दिखाई।

हिमांशु यादव ने आदेश की प्रति देखने के बाद कार्रवाई पर संतोष जताया। इसके बाद लेखपाल संघ ने सदर तहसील में चल रहे धरने और प्रस्तावित काम बंद आंदोलन को समाप्त करने की घोषणा कर दी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!