Trending

Jaunpur News : शिक्षक होता है समाज का निर्माता : शशांक सिंह ‘रानू’

Naya Savera Network

लायंस क्लब जौनपुर ‘क्षितिज’ ने आयोजित किया शिक्षक सम्मान समारोह


जौनपुर। शिक्षक दिवस के अवसर पर 5 सितंबर 2026 को लायंस क्लब जौनपुर ‘क्षितिज’ की ओर से कंपोजिट विद्यालय हैदरपुर करंजाकला में शिक्षक सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में विद्यालय में कार्यरत शिक्षकों के योगदान को सम्मानित करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र, अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि शशांक सिंह ‘रानू’ रहे, जबकि विशिष्ट अतिथि विद्यालय के प्रधानाध्यापक राधे कृष्ण ओझा तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता लायन अजीत सोनकर ने की। समारोह का उद्देश्य शिक्षकों के समर्पण और योगदान को सम्मान देना तथा उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए प्रोत्साहित करना रहा।

इस अवसर पर लायंस क्लब ‘क्षितिज’ के पदाधिकारियों ने प्रधानाध्यापक राधे कृष्ण ओझा के साथ विद्यालय के अन्य शिक्षकों कामिनी सिंह, मंजू सिंह, रेखा यादव, संध्या गुप्ता, आशुतोष गौर एवं रामानंद यादव को सम्मानित किया।

मुख्य अतिथि शशांक सिंह ‘रानू’ ने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि शिक्षक केवल विद्यार्थियों को शिक्षा देने का कार्य नहीं करता, बल्कि वह समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए बताया कि उनके जन्मदिवस को शिक्षक दिवस के रूप में मनाया जाता है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ संस्कार और नैतिक मूल्यों से जोड़ने का आह्वान किया।

समारोह के दौरान लायंस क्लब ‘क्षितिज’ के सचिव लायन हाफिज शाह, लायन डॉ. चंदन गुप्ता, सोनू कादरी सहित अन्य सदस्यों ने विद्यालय के शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाने के लिए विभिन्न सहयोगात्मक पहलों की घोषणा की। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक, अभिभावक तथा छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एमजेएफ अतुल सिंह (पूर्व अध्यक्ष) ने किया। क्लब के सचिव लायन हाफिज शाह ने समारोह में उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों के प्रति आभार व्यक्त किया। अंत में राष्ट्रगान के साथ समारोह का समापन हुआ।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!