सुरेरी (जौनपुर)। बसुई नदी पर पुल निर्माण की मांग को लेकर 12वीं कक्षा के छात्र आशीष यादव पिछले चार दिनों से अनशन पर बैठे हैं। नदी किनारे सत्ती माई स्थल पर चल रहे अनशन में करीब 50 ग्रामीण महिला, पुरुष और बच्चे भी शामिल हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि पुल बनने से जौनपुर और वाराणसी जिले के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। ग्राम पंचायत अड़ियार (नहरपुर) से दुर्जनपुर, वाराणसी को जोड़ने वाले मार्ग पर दूरी कम होगी। विद्यार्थियों और व्यापारियों को भी इसका लाभ मिलेगा।
आशीष यादव ने मछलीशहर सांसद प्रिया सरोज से मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों की समस्या सुनने और पुल निर्माण का आश्वासन देने की मांग की है। उन्होंने कहा कि आश्वासन मिलने तक अनशन जारी रहेगा।
आशीष के अनुसार वाराणसी में पढ़ाई के लिए छात्रों को करीब आठ किलोमीटर दूर कोचारी मार्ग से होकर जाना पड़ता है। पुल बनने पर यह दूरी काफी कम हो जाएगी। धौंकलगंज बाजार जाने में भी छह से आठ किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है, जो पुल बनने पर करीब तीन किलोमीटर रह जाएगी।