Trending

Jaunpur News : दुर्गापूजा को लेकर डीएम ने दिए सख्त निर्देश, पंडालों में फायर और विद्युत सुरक्षा पर विशेष जोर

Naya Savera Network

जौनपुर। आगामी दुर्गापूजा पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बुधवार देर शाम प्रेक्षागृह में जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. की अध्यक्षता में दुर्गापूजा समिति के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों की बैठक हुई। पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह भी मौजूद रहे।

बैठक में डीएम ने विसर्जन स्थलों पर विद्युत तारों सहित अन्य व्यवस्थाएं तत्काल दुरुस्त कराने और सभी संबंधित मार्गों को आवागमन योग्य रखने के निर्देश दिए। प्रमुख पूजा स्थलों पर मोबाइल टॉयलेट, पेयजल और वाटर टैंक की व्यवस्था के साथ साफ-सफाई एवं प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा।

डीएम ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान कोई नई परंपरा शुरू नहीं होगी। आयोजन पूर्व से चली आ रही व्यवस्थाओं और निर्धारित नियमों के अनुसार ही किया जाएगा। उन्होंने पूजा पंडालों में अग्निशमन और विद्युत सुरक्षा मानकों का अनिवार्य रूप से पालन कराने के निर्देश दिए।

बैठक में यातायात, बिजली, पेयजल, स्वच्छता, सुरक्षा और विसर्जन स्थल की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों को आपसी समन्वय से समय रहते सभी तैयारियां पूरी करने को कहा गया।

गांधी जयंती की तैयारियों की भी हुई समीक्षा

बैठक में 2 अक्टूबर को महात्मा गांधी जयंती समारोह की तैयारियों पर भी चर्चा हुई। डीएम ने बताया कि सभी राजकीय भवनों पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया जाएगा। महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के चित्र पर माल्यार्पण, रामधुन एवं विचार गोष्ठी का आयोजन होगा। अधिकारियों को कार्यक्रम गरिमापूर्ण और सुव्यवस्थित तरीके से कराने के निर्देश दिए गए।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!