जौनपुर। नगरीय क्षेत्र के चाचकपुर फूल मंडी और उमरपुर में शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा डेंगू, मलेरिया के रोक थाम हेतु सघन कार्यवाही की गई। जिला मलेरिया अधिकारी सुनील यादव के निर्देशन में फाइलेरिया निरीक्षक दीपक सिंह, अभिषेक सोनकर के नेतृत्व में सुपरवाइजर राकेश सिंह एवं क्षेत्रीय आशा मधु एवं आंगनवाड़ी सहायिका के सहयोग से एक टीम उमरपुर क्षेत्र में नगर पालिका यार्ड, सहकारी कसलोनी सहित आस—पास के क्षेत्र तथा दूसरी टीम मलेरिया निरीक्षक चंद्रेश पटेल के नेतृत्व में सुपरवाइजर इंद्रजीत सिंह, सुनील तिवारी, शिवशंकर वर्मा के सहयोग से चाचकपुर फूल मंडी में सघन रूप से फीवर सर्वे, मच्छर प्रजनन स्रोतों का सर्वे, सोर्स रिडक्शन, पोस्टर पेस्टिंग, पैंफलेट वितरण, स्वास्थ्य शिक्षा, प्रचार प्रसार और जल जमाव वाले स्थलों पर एंटीलार्वा रसायन स्प्रे आदि कार्य किये गये। साथ ही फीवर सर्वे के दौरान मिले लक्षण युक्त 2 लोगों की मलेरिया डेंगू जांच की गयी लेकिन कोई धनात्मक नहीं मिला। उक्त कार्यों का पर्यवेक्षण स्वयं जिला मलेरिया अधिकारी सुनील यादव एवं सहायक मलेरिया अधिकारी सुजीत प्रभाकर ने किया।
बता दें कि डेंगू चिकुन गुनिया, मलेरिया मच्छरों से फैलने वाले संक्रामक रोग हैं। इनमें बुखार, सिरदर्द, बदन दर्द, उल्टी मितली, ठंडक लगना, शरीर पर चकत्ते आदि लक्षण दिखाई देते हैं। इस समय इन बीमारियों का संक्रमण काल चल रहा है। अभी जनपद में एलाइजा पुष्ट डेंगू के 7 मरीज, चिकुनगुनिया के 1 मरीज, मलेरिया के 18 मरीज रिपोर्टेड हैं। इनसे बचाव करना अनिवार्य है। इसके लिए अपने घरों के आस—पास साफ—सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जलजमाव न होने दें, नालियों में कूड़ा कबाड़ न डालें, रुके पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल डालें, एंटी लार्वा रसायन स्प्रे करें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, खुली बदन न सोएं, सोते समय मच्छरदानी लगायें, किसी भी प्रकार का बुखार हो तो तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपना निःशुल्क जांच उपचार करायें। जनपद के मेडिकल कॉलेज, जिला चिकित्सालय, समस्त सामुदायिक प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर मलेरिया, डेंगू जांच उपचार की व्यवस्था उपलब्ध है।
