Trending

Jaunpur News : चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का केस, चार महीने पहले हुई थी पूनम की शादी

Naya Savera Network

जौनपुर। सिंगरामऊ थाना क्षेत्र के बोधी पट्टी गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मृतका की पहचान पूनम यादव के रूप में हुई है। मामले में मृतका के भाई की तहरीर पर पुलिस ने उसके पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या करने का आरोप लगाया है।

महाराजगंज थाना क्षेत्र के राजपुर रुखसार निवासी पूनम के भाई चंचल यादव ने पुलिस को बताया कि उसकी बहन की शादी करीब चार महीने पहले बोधी पट्टी गांव निवासी राकेश यादव से हुई थी। आरोप है कि शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष के लोग दहेज की मांग को लेकर पूनम को परेशान कर रहे थे।

मंगलवार शाम मायके वालों को पूनम की मौत की जानकारी मिली। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की। चंचल यादव ने आरोप लगाया कि दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर ससुराल वालों ने उसकी बहन की दुपट्टे से गला घोंटकर हत्या कर दी।

सिंगरामऊ थाना प्रभारी निरीक्षक अखिलेश कुमार मौर्य ने गुरुवार सुबह बताया कि चंचल यादव की तहरीर पर पूनम के पति राकेश, जेठ साहब लाल, जेठानी धनराजी और अनीता के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों के अनुसार जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पूनम की शादी को अभी महज चार महीने ही हुए थे। विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत और मायके पक्ष की ओर से दहेज हत्या का आरोप लगाए जाने के बाद मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!