जौनपुर। केराकत तहसील के नरहन क्षेत्र में तेज हवा और हल्की बारिश से जनजीवन प्रभावित हुआ। लगातार चल रही तेज हवाओं के कारण बजरी और बाजरा की फसलें खेतों में गिर गईं। इससे किसानों को नुकसान की चिंता सताने लगी है। हालांकि, किसानों के अनुसार हल्की बारिश और हवा धान की फसल के लिए कुछ हद तक फायदेमंद रही है।
तेज हवा के साथ बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बिजली कटौती से पहले ही परेशानी थी। बिजली नहीं मिलने के कारण किसान फसलों की सिंचाई नहीं कर पा रहे हैं। रात में बिजली गुल रहने से लोगों को अंधेरे में रहना पड़ा। मोबाइल चार्ज करने में भी दिक्कत हुई। ग्रामीणों के अनुसार रातभर बिजली आपूर्ति बाधित रही और तेज हवाएं चलती रहीं। इससे आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। किसानों ने बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग की है, ताकि फसलों की सिंचाई समय से हो सके और बारिश के मौसम में लोगों को अनावश्यक परेशानी न उठानी पड़े।