Trending

Jaunpur News : संभव अभियान की धीमी रफ्तार पर मुंगराबादशाहपुर के सीडीपीओ को नोटिस

Naya Savera Network

जौनपुर ! 30 सितंबर। जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में जिला पोषण समिति एवं जिला कन्वर्जेन्स कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जुलाई से सितंबर 2026 तक चल रहे संभव अभियान-6.0 की प्रगति समेत पोषण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों की समीक्षा की गई।
मुख्य विकास अधिकारी ने आंगनबाड़ी केंद्र भवनों के निर्माण, पोषण ट्रैकर, आंगनबाड़ी केंद्रों पर खाद्यान्न वितरण, गृह भ्रमण, टीकाकरण, बच्चों के वजन और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की प्रगति की जानकारी ली। उन्होंने निर्माणाधीन आंगनबाड़ी केंद्र भवनों को एक सप्ताह के भीतर पूरा कराने के निर्देश दिए। साथ ही पूर्व से निर्मित केंद्रों में कायाकल्प योजना के तहत आवश्यकतानुसार मरम्मत कराने को कहा।
संभव अभियान के तहत सैम (गंभीर रूप से कुपोषित) बच्चों के घर नियमित गृह भ्रमण करने के निर्देश दिए गए। आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सैम बच्चों के घर जाकर फॉलोअप करने तथा आशा व एएनएम को ई-कवच पोर्टल पर बच्चों के फॉलोअप एवं अन्य सूचनाओं की शत-प्रतिशत फीडिंग सुनिश्चित करने को कहा गया। बाल विकास परियोजना अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को भी सैम बच्चों के घर गृह भ्रमण करने के निर्देश दिए गए।
बैठक में विकासखंड मुंगराबादशाहपुर में संभव अभियान की प्रगति खराब पाए जाने पर मुख्य विकास अधिकारी ने जिला कार्यक्रम अधिकारी को संबंधित बाल विकास परियोजना अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।
पोषण पुनर्वास केंद्र (एनआरसी) में बच्चों के संदर्भन एवं भर्ती की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि चिन्हित सैम बच्चों को पोषण पुनर्वास केंद्र में भर्ती कराकर उनका नियमित फॉलोअप सुनिश्चित किया जाए।
प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना की समीक्षा करते हुए निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। खराब प्रगति वाले परियोजना अधिकारियों को नोटिस जारी करने के लिए भी कहा गया।
बैठक में जिला विकास अधिकारी, नोडल अधिकारी एनआरसी, उपायुक्त श्रम रोजगार, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, सभी खंड विकास अधिकारी एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!