Trending

Jaunpur News : सरिया से हमला कर युवक की हत्या, दो आरोपी गिरफ्तार

Naya Savera Network


पुराने विवाद में वारदात का आरोप

जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र के तिवारीपुर गांव में शुक्रवार सुबह 28 वर्षीय विशाल यादव की लोहे की सरिया से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में तनाव और आक्रोश का माहौल बन गया। मृतक के परिजनों और ग्रामीणों ने शव को मड़ियाहूं-रामदयालगंज मार्ग पर रखकर करीब दो घंटे तक जाम लगाया। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपियों का पहले से आपराधिक रिकॉर्ड भी है।

पुलिस के मुताबिक तिवारीपुर निवासी विशाल यादव का रामदयालगंज बाजार के एक व्यक्ति से पुराना विवाद चल रहा था। इसी विवाद को लेकर शुक्रवार सुबह उसके साथ मारपीट की गई। परिजनों का आरोप है कि इसी दौरान विशाल पर लोहे की सरिया से हमला कर दिया गया। सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने के कारण उसकी हालत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई। घटना की जानकारी मिलते ही लाइन बाजार पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

शव सड़क पर रखकर दो घंटे लगाया जाम

विशाल की मौत की खबर मिलते ही परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए और शव को मड़ियाहूं-रामदयालगंज मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। सड़क पर जाम लगने से दोनों तरफ वाहनों की कतार लग गई और आवागमन बाधित हो गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी और फोर्स मौके पर पहुंची। पुलिस ने परिजनों और ग्रामीणों को समझाकर कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब दो घंटे बाद जाम समाप्त कराया जा सका।

केस दर्ज कर दो आरोपियों को किया गिरफ्तार

मामले में लाइन बाजार थाने में केस नंबर 376/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गहोरा निवासी नीरज यादव और चांदपुर, लाइन बाजार निवासी मनीष यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद उन्हें न्यायालय में पेश किया।

नीरज पर नौ, मनीष पर 12 मुकदमे दर्ज

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी नीरज यादव के खिलाफ वर्ष 2021 से 2026 के बीच कुल नौ मुकदमे दर्ज हैं। इनमें आर्म्स एक्ट, एनडीपीएस एक्ट, एससी/एसटी एक्ट के साथ मारपीट और धमकी से जुड़े मामले शामिल हैं। वहीं दूसरे आरोपी मनीष यादव के खिलाफ वर्ष 2016 से 2026 के बीच कुल 12 मुकदमे दर्ज होने की बात पुलिस ने बताई है। उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, बलवा, मारपीट और धमकी समेत अन्य धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं।

पुराने विवाद की कड़ी से जोड़कर जांच

पुलिस घटना के पीछे पुराने विवाद को अहम कड़ी मानकर जांच कर रही है। दोनों आरोपियों से पूछताछ के आधार पर वारदात की पूरी वजह और घटना में शामिल अन्य लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में पुलिस की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!