जौनपुर। तहसील केराकत क्षेत्र में एनएच-233 के चौड़ीकरण से प्रभावित 20 गांवों के किसानों को प्रतिकर धनराशि के शीघ्र भुगतान को लेकर जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. ने किसानों के साथ वार्ता की। इस दौरान उन्होंने किसानों की समस्याएं सुनीं और प्रतिकर भुगतान से जुड़े मामलों की जानकारी ली।
डीएम ने संबंधित अधिकारियों को भुगतान प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपना बैंक खाता विवरण, फोटो, शपथ पत्र समेत अन्य जरूरी अभिलेख संबंधित कार्यालय में जल्द उपलब्ध करा दें, ताकि पात्र किसानों को प्रतिकर राशि का भुगतान शीघ्र किया जा सके।
जिलाधिकारी ने एनएच-233 चौड़ीकरण कार्य की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण कार्य का नियमित निरीक्षण करने, कार्य में तेजी लाने और निर्धारित मानकों के अनुरूप निर्माण जल्द पूरा कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि किसानों के हितों को प्राथमिकता देते हुए प्रतिकर भुगतान से जुड़े लंबित मामलों का नियमानुसार त्वरित निस्तारण किया जाए। चौड़ीकरण कार्य में भी अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। बैठक में एसपी कुंवर अनुपम सिंह, एसडीएम केराकत, एनएचएआई परियोजना निदेशक सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।