मड़ियाहूं। क्षेत्र के इटाये बाजार में लगा 250 केवी का ट्रांसफार्मर पांच दिन पहले जल जाने से बाजार और आसपास के 200 से अधिक घरों की बिजली आपूर्ति ठप है। इससे ग्रामीणों और बाजारवासियों को अंधेरे में रहने के साथ ही बारिश के मौसम में कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार ट्रांसफार्मर से अचानक तेल निकलने लगा, जिसके बाद वह जल गया। इसकी सूचना तत्काल बिजली विभाग को दी गई। जानकारी मिलने पर लाइनमैन मौके पर पहुंचा और जांच के बाद बताया कि ट्रांसफार्मर अब ठीक नहीं हो सकता। इसके बावजूद पांच दिन बीत जाने के बाद भी विभाग की ओर से नया ट्रांसफार्मर लगाने की कार्रवाई नहीं की गई।
बाजारवासियों का कहना है कि समय रहते विभाग ने कार्रवाई की होती तो अब तक बिजली आपूर्ति बहाल हो जाती। बिजली न होने से घरेलू कामकाज, पेयजल और बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। लोगों ने जल्द नया ट्रांसफार्मर लगाकर विद्युत आपूर्ति बहाल कराने की मांग की है।