जौनपुर। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर 27 अगस्त को वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय के आर्यभट्ट सभागार, रज्जू भैया संस्थान में ‘खेलो इंडिया संवाद—खेल की बात, पीएम के साथ’ कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम सुबह 10 बजे से शुरू होगा। इसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का वर्चुअल संबोधन होगा और लाइव दो-तरफा संवाद के माध्यम से युवाओं एवं खिलाड़ियों से जुड़ने का अवसर मिलेगा।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चन्द्र यादव होंगे। आयोजन मेरा युवा भारत (MY Bharat) और राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS), वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय द्वारा युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से किया जा रहा है।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री के वर्चुअल संबोधन के साथ स्थानीय खिलाड़ी के साथ मॉडरेटेड चर्चा, युवाओं से संवाद और ‘नशामुक्त युवा’ की शपथ दिलाई जाएगी। अंत में राष्ट्रगान होगा। जिला युवा अधिकारी, मेरा युवा भारत, तन्मय मोहन ने प्रेस प्रतिनिधियों से कार्यक्रम की कवरेज के लिए उपस्थित रहने का अनुरोध किया है।