खुटहन। खुटहन बाजार स्थित सामुदायिक शौचालय इन दिनों गंदगी से घिरा हुआ है। बाजारवासियों की सुविधा के लिए बनाए गए इस शौचालय के आसपास जगह-जगह कूड़े के ढेर लगे हैं। सड़ रहे कचरे से उठने वाली दुर्गंध के कारण दुकानदारों, राहगीरों और बाजार आने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बारिश के मौसम में समस्या और गंभीर हो गई है। कूड़े से निकलने वाला गंदा पानी शौचालय तक जाने वाले रास्ते पर फैल रहा है, जिससे लोगों का आवागमन प्रभावित हो रहा है। साथ ही संक्रमण और संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि नियमित सफाई और कूड़ा उठान नहीं होने से स्थिति लगातार खराब होती जा रही है। बाजारवासियों ने संबंधित अधिकारियों से तत्काल सफाई कराने, कूड़ा उठवाने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।