Trending

Jaunpur News : हर घर तिरंगा अभियान की सफलता को लेकर बनी रणनीति

Naya Savera Network

जौनपुर, 4 अगस्त। भारतीय जनता पार्टी मछलीशहर द्वारा सीहीपुर स्थित जिला कार्यालय पर हर घर तिरंगा अभियान के निमित्त जिला कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में 10 से 14 अगस्त तक चलने वाले हर घर तिरंगा अभियान के निमित्त पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं को अभियान को व्यापक जनभागीदारी के साथ सफल बनाने की रणनीति बताई गई। 

कार्यशाला के मुख्य अतिथि एवं जिला प्रभारी, काशी क्षेत्र के क्षेत्र महामंत्री संतोष सिंह पटेल ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल किसी घर पर राष्ट्रीय ध्वज लगाने का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश की स्वतंत्रता, वीर शहीदों के बलिदान और राष्ट्र की एकता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का अभियान है। तिरंगा भारत की आन, बान और शान का प्रतीक है। इसके तीनों रंग और अशोक चक्र देश के गौरवशाली इतिहास, त्याग, शांति, समृद्धि और निरंतर प्रगति का संदेश देते हैं।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वान पर शुरू हुआ हर घर तिरंगा अभियान आज जन-जन का अभियान बन चुका है। इस अभियान के माध्यम से देश के नागरिकों में राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और देश के प्रति अपने दायित्वों की भावना और अधिक मजबूत हुई है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे गांव-गांव, बूथ-बूथ और घर-घर जाकर लोगों को अभियान से जोड़ें तथा स्वतंत्रता दिवस को राष्ट्रभक्ति के उत्सव के रूप में मनाने के लिए प्रेरित करें।

अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष डॉ. अजय कुमार सिंह ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता संगठन की शक्ति के साथ हर घर तिरंगा अभियान को जनअभियान बनाने में जुट जाएं। उन्होंने कहा कि तिरंगा किसी राजनीतिक दल का प्रतीक नहीं, बल्कि पूरे देश की अस्मिता और गौरव का प्रतीक है। यह हमें उन असंख्य स्वतंत्रता सेनानियों और वीर जवानों के त्याग की याद दिलाता है, जिन्होंने देश की स्वतंत्रता और अखंडता के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर कर दिया।

उन्होंने कहा कि अभियान के दौरान कार्यकर्ता समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर चलें और लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित करें। साथ ही यह भी सुनिश्चित करें कि राष्ट्रीय ध्वज की गरिमा और सम्मान का पूरा ध्यान रखा जाए। उन्होंने मंडल, शक्ति केंद्र एवं बूथ स्तर के पदाधिकारियों को अभियान की सफलता के लिए जिम्मेदारियां सौंपते हुए कहा कि संगठन की सक्रियता से हर घर तक राष्ट्रभक्ति का संदेश पहुंचना चाहिए।

जिलाध्यक्ष ने कहा कि आज देश आत्मनिर्भरता, विकास और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है। ऐसे समय में हर घर तिरंगा अभियान देशवासियों को राष्ट्र की एकता, अखंडता और संप्रभुता के प्रति अपने संकल्प को दोहराने का अवसर देता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि वे अभियान को केवल औपचारिक कार्यक्रम न मानकर इसे जनभावना से जोड़ें और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें।
कार्यक्रम को पूर्व विधायक डॉ हरेंद्र प्रसाद सिंह ने भी संबोधित किया। संचालन अभियान जिला संयोजक,जिला उपाध्यक्ष मोहन राजभर ने किया।

इस अवसर पर भूमि विकास बैंक निदेशक डॉ अजय सिंह, अखिलेश सिंह,बांके बिहारी सिंह,दिनेश सोनकर,संतोष मिश्रा,स्कन्द पटेल,अखिल प्रताप सिंह,अनुपमा राय,केपी मिश्रा,राजेश सिंह,अतुल कुमार पांडेय, रणविजय सिंह, हरिश्चंद्र मौर्या,ऊषा किरण, मीना पटेल,कमलेश राय,सोनी जायसवाल,हरिराम पाल,सुदर्शन सिंह,धनंजय कश्यप,अजीत सोनकर,रिशु सिंह रिद्धिमा,संतोष उपाध्याय,शिवम पाल, विशाल शुक्ला,वैभव सिंह आदि उपस्थित रहे

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!