खुद पर डीजल डालते ही मची अफरा-तफरी, पुलिस ने तीनों को जिला अस्पताल भेजा
जौनपुर। कलेक्ट्रेट परिसर में बुधवार दोपहर जमीन पर कथित कब्जे के विवाद को लेकर हंगामा मच गया। बदलापुर थाना क्षेत्र के सरोखनपुर निवासी एक ही परिवार के तीन लोगों ने खुद पर डीजल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया। घटना से कलेक्ट्रेट परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि तीनों जमीन पर कब्जे की शिकायत को लेकर लंबे समय से अधिकारियों के चक्कर लगा रहे थे। परिजनों का आरोप है कि कई बार शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। इससे नाराज होकर तीनों ने कलेक्ट्रेट परिसर में आत्मदाह का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही सहायक पुलिस अधीक्षक/सीओ सिटी गोल्डी गुप्ता पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने तीनों को तत्काल वहां से बाहर निकाला और एंबुलेंस से जिला अस्पताल भेजा।
पुलिस ने जमीन संबंधी विवाद और परिवार की शिकायतों की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
