जौनपुर। सिरकोनी क्षेत्र में मंगलवार को रेलवे ट्रैक पार करते समय ट्रेन की चपेट में आने से 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। हादसा कोड़री फाटक के पास हुआ। युवक घर से साइकिल लेकर लाइब्रेरी जाने के लिए निकला था। घटना की जानकारी मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक की पहचान जलालपुर थाना क्षेत्र के रासीपुर गांव निवासी अनुज यादव (22) पुत्र स्वर्गीय शंकर यादव के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार, अनुज अपनी साइकिल से सिरकोनी स्थित शिवांश डिजिटल लाइब्रेरी जा रहे थे। कोड़री फाटक के पास साइकिल खड़ी करने के बाद वह रेलवे लाइन पार करने लगे। इसी दौरान वह गुजर रही ट्रेन की चपेट में आ गए।
ट्रेन की टक्कर लगने से अनुज गंभीर रूप से घायल होकर रेलवे ट्रैक पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे की जानकारी होते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए और पुलिस को सूचना दी।
बताया गया कि अनुज दो भाइयों में छोटे थे। उनके बड़े भाई उत्तर प्रदेश पुलिस में कार्यरत हैं। अनुज के पिता शंकर यादव का पहले ही निधन हो चुका था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। जलालपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

