Trending

Jaunpur News : बारिश ने खोली नाली सफाई व्यवस्था की पोल, सड़क पर भरा पानी; स्कूली बच्चों की बढ़ी परेशानी

Technical Team


जौनपुर। नगर पंचायत कजगांव के वार्ड संख्या 10 मझलेपुर के जेठपुरा मोहल्ले में बारिश होते ही जलनिकासी व्यवस्था की स्थिति सामने आ गई। थोड़ी सी बारिश के बाद ही सड़क पर पानी भर गया, जिससे स्थानीय लोगों के साथ स्कूली बच्चों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सड़क पर जमा गंदे पानी के बीच से होकर बच्चों को विद्यालय जाना पड़ रहा है।

मोहल्लेवासियों के अनुसार, क्षेत्र में नालियों की नियमित सफाई नहीं होने के कारण बारिश का पानी आसानी से निकल नहीं पाता। बारिश होते ही सड़क जलमग्न हो जाती है। आसपास रहने वाले लोगों को भी आने-जाने में दिक्कत होती है। सबसे अधिक परेशानी प्राथमिक विद्यालय और मदरसे में पढ़ने वाले छोटे बच्चों को हो रही है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि मोहल्ले के बच्चे इसी मार्ग से होकर विद्यालय जाते हैं। सड़क पर गंदा पानी जमा होने के कारण उन्हें उसी पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इससे बच्चों के कपड़े गंदे होने के साथ ही संक्रमण का भी खतरा बना रहता है। लोगों का कहना है कि समस्या के संबंध में नगर पंचायत के जिम्मेदारों को कई बार अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक स्थायी समाधान नहीं किया गया।

मोहल्लेवासियों का आरोप है कि बारिश के दौरान जलभराव की समस्या हर साल सामने आती है, लेकिन नाली सफाई और जलनिकासी की व्यवस्था को लेकर प्रभावी कदम नहीं उठाए जाते। नागरिकों ने नगर पंचायत कजगांव के जिम्मेदार अधिकारियों से नालियों की नियमित सफाई कराने तथा सड़क पर जलभराव रोकने के लिए आवश्यक कार्यवाही किए जाने की मांग की है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!