जौनपुर। समाजवादी पार्टी जौनपुर की ओर से शनिवार को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिला कार्यालय, सदर चुंगी, अल्फस्टीनगंज में राष्ट्रीय ध्वज फहराकर 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया। जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य ने ध्वजारोहण किया। इसके बाद नगर अध्यक्ष कमालुद्दीन अंसारी के नेतृत्व में राष्ट्रगान हुआ। इस दौरान पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी देते हुए देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संकल्प लिया।
ध्वजारोहण के उपरांत जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य की अध्यक्षता में गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी में देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले अमर शहीदों, स्वतंत्रता सेनानियों और आजादी के आंदोलन में योगदान देने वाले वीरों को श्रद्धापूर्वक याद कर उन्हें नमन किया गया।
जिला अध्यक्ष राकेश मौर्य ने कहा कि देश की आजादी अनगिनत स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता की रक्षा के साथ संविधान, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और भाईचारे को मजबूत करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि समाजवादी विचारधारा सदैव शोषित, वंचित, गरीब, किसान, मजदूर, नौजवान और महिलाओं के सम्मान एवं अधिकारों के लिए संघर्ष करती रही है। वर्तमान समय में लोकतांत्रिक और संवैधानिक व्यवस्था को मजबूत करने के लिए सभी को एकजुट होकर कार्य करने की आवश्यकता है।
गोष्ठी को प्रदेश सचिव हिसामुद्दीन शाह, दीपचंद राम, जिला उपाध्यक्ष श्यामबहादुर पाल, हीरालाल विश्वकर्मा, जिला सचिव मालती निषाद, पूर्व नगर अध्यक्ष डॉ. शमीम, अली मंज़र डेजी, साजिद अलीम एवं डॉ. शबनम नाज़ सहित अन्य वक्ताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों को नमन करते हुए कहा कि आजादी के मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।
वक्ताओं ने सामाजिक न्याय, लोकतंत्र और संवैधानिक मूल्यों की मजबूती के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को उसका अधिकार और सम्मान दिलाना लोकतांत्रिक व्यवस्था की मूल भावना है।
गोष्ठी का संचालन जिला महासचिव आरिफ हबीब ने किया। इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शकील अहमद, इरशाद मंसूरी, अजय मौर्य, अनवारूल हक गुड्डू, वीरेंद्र यादव, दीपक विश्वकर्मा, धीरज बिंद, फिरोज पप्पू, रियाज़ आलम, कमाल आज़मी, धर्मेंद्र सोनकर, अमित गौतम, डॉ. संजय गौतम, साहबलाल गौतम, सुशीला यादव, सोनी सेठ, सोनी यादव, पूनम यादव, राधिका यादव, शिवांगी यादव, राजा नवाब, अंसार इदरीसी, श्रवण जायसवाल, इरफान मंसूरी, दिलीप प्रजापति, प्रदीप पाल एडवोकेट, अरविंद यादव एडवोकेट, रवि यादव, रियाज़ुद्दीन अल्वी, अज़ीज़ फरीदी, अमजद अंसारी एवं उबैद अख्तर सहित सैकड़ों पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
समारोह का समापन देश की एकता, अखंडता, लोकतंत्र, सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा के संकल्प के साथ हुआ।
