Trending

Jaunpur News : किसानों को मशरूम और मखाना खेती से जोड़ें: सीडीओ

Naya Savera Network

जौनपुर, 20 अगस्त। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. के निर्देश पर मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया की अध्यक्षता में गुरुवार को विकास भवन सभागार में उद्यान विभाग की जिला स्तरीय कार्यान्वयन समिति की बैठक हुई। बैठक में एकीकृत बागवानी विकास मिशन, पर ड्रॉप मोर क्रॉप माइक्रो इरीगेशन और मुख्यमंत्री औद्यानिक विकास योजना की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिला उद्यान अधिकारी डॉ. सीमा सिंह राणा ने विभाग की विभिन्न योजनाओं और किसानों को मिलने वाले लाभ की जानकारी दी। मुख्य विकास अधिकारी ने एकीकृत बागवानी विकास मिशन के तहत किसानों को मशरूम इकाई लगाने और मखाना की खेती के लिए अधिक से अधिक प्रेरित करने के निर्देश दिए। इसके लिए प्रचार-प्रसार और किसान गोष्ठियां आयोजित करने को कहा गया।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मखाना की खेती के प्रशिक्षण के लिए किसानों को बिहार एक्सपोजर विजिट पर ले जाने की योजना प्रस्तावित है। वहीं मौनपालन योजना के तहत नए मौनपालकों को जोड़कर लाभान्वित किया जा रहा है।

बैठक में माइक्रो इरीगेशन योजना के लाभ बताते हुए कहा गया कि ड्रिप और स्प्रिंकलर सिंचाई से पानी, समय और श्रम की बचत के साथ उत्पादन में भी वृद्धि होती है। लघु एवं सीमांत किसानों को ड्रिप और मिनी स्प्रिंकलर पर 90 प्रतिशत तक तथा पोर्टेबल स्प्रिंकलर और रेनगन पर 75 प्रतिशत तक अनुदान दिया जा रहा है।

सीडीओ ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की वार्षिक कार्ययोजना के लक्ष्यों को शत-प्रतिशत पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से अधिक से अधिक प्रगतिशील किसानों को विभागीय योजनाओं से जोड़ने और गोष्ठियों में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने को कहा।

प्रगतिशील किसान सूर्यमणि यादव ने आम के बाग में ड्रिप सिंचाई संयंत्र लगाने से हुए लाभ की जानकारी दी। आम महोत्सव-2026 में मुख्यमंत्री द्वारा सम्मानित होने पर सीडीओ ने उन्हें बधाई दी।

जिला उद्यान अधिकारी ने बताया कि मुख्यमंत्री राज्य औद्यानिक विकास योजना जिले के डोभी, रामनगर, सुईथाकला, मुंगराबादशाहपुर और मछलीशहर विकासखंडों में संचालित है। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी, वैज्ञानिक और प्रगतिशील किसान मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!