Trending

Jaunpur News : राशन कार्ड लाभार्थियों की ई-केवाईसी जल्द पूरी कराने के निर्देश

Technical Team


जौनपुर, 23 अगस्त। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में रविवार देर शाम खाद्य एवं रसद विभाग की आपूर्ति शाखा से संबंधित योजनाओं और कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक हुई। बैठक में राशन कार्ड, उचित दर दुकानों, अन्नपूर्णा भवनों, चीनी के भंडारण और खाद्यान्न वितरण व्यवस्था की प्रगति की समीक्षा की गई।

बैठक में बताया गया कि जनपद में 8,45,215 राशन कार्डों में शामिल 34,88,572 लाभार्थियों में से 33,23,795 लाभार्थियों की ई-केवाईसी पूरी हो चुकी है। जिलाधिकारी ने शेष 1,64,777 लाभार्थियों की ई-केवाईसी जल्द पूर्ण कराने के निर्देश दिए।

जनपद में रिक्त चल रही 27 उचित दर दुकानों के संबंध में जिलाधिकारी ने सभी खंड विकास अधिकारियों और पूर्ति निरीक्षकों को नियमानुसार खुली बैठक कराकर 15 दिन में नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए। वहीं, निलंबित चल रही नौ उचित दर दुकानों पर भी जल्द निर्णय लेकर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन मॉडल शॉप और अन्नपूर्णा भवनों की भी समीक्षा की। उन्होंने बताया कि 24 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवन पूर्ण हो चुके हैं। इनके नियमानुसार हस्तांतरण की प्रक्रिया पूरी कर सितंबर 2026 का खाद्यान्न उठान और वितरण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा 33 ग्राम पंचायतों में अन्नपूर्णा भवनों का निर्माण अंतिम चरण में है। जहां केवल फिनिशिंग का कार्य शेष है, वहां एक सप्ताह में काम पूरा कर भवनों का हस्तांतरण कराने के निर्देश दिए गए।

चीनी के भंडारण और बाजार मूल्य की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने अधिकारियों को लगातार निरीक्षण और छापेमारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्थिति में चीनी की बिक्री निर्धारित मानक मूल्य से अधिक पर नहीं होनी चाहिए।

जिला खाद्य विपणन अधिकारी को सिंगल स्टेज व्यवस्था के तहत उचित दर विक्रेताओं को निर्धारित जियोफेंस पर खाद्यान्न उपलब्ध कराने के लिए सभी परिवहन ठेकेदारों को आवश्यक निर्देश देने को कहा गया।

बैठक में अपर जिलाधिकारी, उपजिलाधिकारी, जिला पूर्ति अधिकारी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, एफसीआई व सीडब्ल्यूसी के अधिकारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!