जौनपुर। केराकत नगर पंचायत में सार्वजनिक पेयजल मशीन खराब होने से स्थानीय निवासियों, किसानों, व्यापारियों, छात्रों और राहगीरों को पेयजल की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। मशीन बंद होने के कारण लोगों को स्वच्छ पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि गर्मी के मौसम में पेयजल की आवश्यकता अधिक रहती है। ऐसे में सार्वजनिक मशीन खराब होने से परेशानी और बढ़ गई है। रोजाना बाजार आने वाले लोगों के साथ ही आसपास के दुकानदारों और राहगीरों को भी पानी के लिए अन्य स्थानों का सहारा लेना पड़ रहा है।
लोगों ने इस समस्या की जानकारी नगर पंचायत अध्यक्ष ज्योति कृष्णा जायसवाल को दी। अध्यक्ष ने जल्द ही मशीन की मरम्मत कराने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों ने नगर पंचायत प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई कर सार्वजनिक पेयजल सुविधा बहाल कराने की मांग की है।
