Trending

Jaunpur News : 50 लाख से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की डीएम ने की समीक्षा

Naya Savera Network

गुणवत्ता और समयबद्ध कार्य पूरे करने के दिए निर्देश

जौनपुर में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रट सभागार में 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाली परियोजनाओं की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी कार्यदायी संस्थाओं एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों से विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और निर्देश दिया कि सभी परियोजनाएं निर्धारित समय-सीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरी की जाएं। जिन परियोजनाओं में अनावश्यक विलंब हो रहा है, उनमें तेजी लाते हुए नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र धर्मापुर के पुनर्निर्माण कार्य का गुणवत्ता परीक्षण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने त्रिलोचन महादेव मंदिर को दिव्य एवं भव्य स्वरूप देने के लिए जिलाधिकारी स्तर से प्रस्ताव शासन को भेजने को कहा। इसके साथ ही रासमंडल स्थित हनुमान जी मंदिर के सौंदर्यीकरण कार्य को शीघ्र पूरा कराने तथा परिसर में फिनिशिंग कार्य और हरियाली विकसित करने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने इंदिरा गांधी स्टेडियम में महिला शौचालय और स्विमिंग पूल को क्रियाशील बनाए रखने के निर्देश दिए तथा जिला क्रीड़ा अधिकारी को स्टेडियम का समुचित रखरखाव सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने साइबर थाना भवन का गुणवत्ता परीक्षण कराने के भी निर्देश दिए। उत्तर प्रदेश पुलिस आवास निगम के अधिकारियों के बैठक में अनुपस्थित रहने पर नाराजगी जताते हुए उनके विरुद्ध उच्च स्तर पर पत्र भेजने के निर्देश दिए।

शीतला चौकियां मंदिर के निर्माण कार्य की अत्यंत धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाकर कार्य शीघ्र पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को सभी निर्माण कार्यों में गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने और विभाग की सभी परियोजनाओं की अलग से विस्तृत समीक्षा बैठक आयोजित करने की बात कही। साथ ही सभी विभागों को नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को जनहित में शीघ्र संचालित कराने के निर्देश दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी डॉ. अरुण कुमार यादव सहित संबंधित विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारी उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!