Trending

Jaunpur News : डीएम-एसएसपी के निर्देशों के 24 घंटे बाद भी त्रिलोचन महादेव धाम के मुख्य द्वार पर पसरी गंदगी

Naya Savera Network

जौनपुर। जलालपुर थाना क्षेत्र स्थित पौराणिक त्रिलोचन महादेव धाम में सफाई व्यवस्था को लेकर प्रशासनिक दावों की पोल खुलती नजर आ रही है। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुंवर अनुपम सिंह द्वारा निरीक्षण के दौरान दिए गए सख्त निर्देशों के लगभग 24 घंटे बाद भी मंदिर के मुख्य प्रवेश द्वार पर कूड़े का अंबार जस का तस पड़ा हुआ है। आरोप है कि कूड़ा हटाने के बजाय उसे पेड़ों की टहनियों और ग्रीन नेट से ढककर छिपाने का प्रयास किया गया। मुख्य द्वार पर प्लास्टिक, थर्माकोल और अन्य अपशिष्ट खुले में पड़े हैं, जिससे बरसात के मौसम में दुर्गंध और संक्रमण फैलने का खतरा बना हुआ है। आसपास मवेशियों का विचरण भी सफाई व्यवस्था की बदहाली को उजागर करता है। सावन माह में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु इसी मार्ग से दर्शन के लिए पहुंचते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों के बाद भी सफाई नहीं हो रही है, तो सामान्य दिनों में व्यवस्था का सहज अंदाजा लगाया जा सकता है। यह स्थिति जिम्मेदार विभागों की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!