Trending

Jaunpur News : हज यात्रियों के प्रशिक्षण के लिए प्रशिक्षकों का चयन, 23 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन

Technical Team
जौनपुर। जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी अनीता ने बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, मौलाना अली मियां मेमोरियल हज हाउस, लखनऊ की ओर से हज कमेटी ऑफ इंडिया के सर्कुलर-05, दिनांक 7 अगस्त 2026 के क्रम में हज यात्रियों को प्रशिक्षण देने के लिए प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया शुरू की गई है। इच्छुक अभ्यर्थी 11 अगस्त से 23 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

ऑनलाइन आवेदन हज कमेटी ऑफ इंडिया की वेबसाइट पर किया जाएगा। चयन के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) 30 अगस्त को आयोजित होगी। इसमें शॉर्टलिस्ट किए गए अभ्यर्थियों का साक्षात्कार 1 से 6 सितंबर तक होगा। चयनित प्रशिक्षकों का दो दिवसीय प्रशिक्षण मुंबई में सितंबर के अंतिम सप्ताह में संभावित है। केवल ऑनलाइन आवेदन ही स्वीकार किए जाएंगे।

प्रशिक्षकों का चयन 150 हज आवेदकों पर एक प्रशिक्षक के अनुपात में किया जाएगा। अभ्यर्थी की न्यूनतम शैक्षिक योग्यता इंटरमीडिएट या 12वीं पास अथवा समकक्ष होनी चाहिए। सूचना प्रौद्योगिकी का ज्ञान रखने वाले स्नातक अभ्यर्थियों को साक्षात्कार में पांच अतिरिक्त अंक दिए जाएंगे। 7 अगस्त 2026 को अभ्यर्थी की आयु 25 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए।

आवेदक का पिछले पांच वर्षों में हज किया होना अनिवार्य है। इसके प्रमाण के लिए वीजा, पासपोर्ट के संबंधित पृष्ठ या हज कमेटी से जारी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करना होगा। अभ्यर्थी को हिंदी, उर्दू, अंग्रेजी और स्थानीय भाषा बोलने व समझने में दक्ष होना चाहिए। साथ ही वह मानसिक एवं शारीरिक रूप से स्वस्थ, कंप्यूटर में दक्ष तथा हज सुविधा एप की जानकारी रखने वाला होना चाहिए। चयन होने पर सरकारी चिकित्सक द्वारा जारी फिटनेस प्रमाणपत्र देना होगा।

प्रशिक्षक के लिए हज के अरकान की जानकारी, भीड़ या समूह को संबोधित एवं नियंत्रित करने का अनुभव भी आवश्यक है। आवेदक के विरुद्ध किसी आपराधिक प्रकरण में कार्रवाई लंबित नहीं होनी चाहिए। इसके लिए स्व-अभिप्रमाणित हलफनामा देना होगा। पुरुष और महिला प्रशिक्षकों का चयन पुरुष एवं महिला हज यात्रियों की संख्या के अनुपात में किया जाएगा।

चयन कंप्यूटर आधारित परीक्षा में प्राप्त 100 अंक और साक्षात्कार में प्राप्त 20 अंकों के संयुक्त आधार पर तैयार मेरिट से होगा। चयन के लिए सीबीटी और साक्षात्कार में अलग-अलग न्यूनतम 50 प्रतिशत अंक प्राप्त करना अनिवार्य है। सीबीटी में निर्धारित पाठ्यक्रम पर आधारित 50 प्रश्न पूछे जाएंगे, जिन्हें हल करने के लिए एक घंटे का समय मिलेगा। प्रत्येक प्रश्न दो अंक का होगा और प्रत्येक गलत उत्तर पर 0.50 अंक की कटौती की जाएगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!