जौनपुर। खुटहन थाना क्षेत्र की छतौरा ग्राम पंचायत में मनरेगा से करीब 11 लाख रुपये की लागत से वर्ष 2022-23 में निर्मित आंगनबाड़ी केंद्र बदहाली का शिकार है। नियमित देखरेख के अभाव में भवन में शराब की खाली बोतलें, देशी शराब के पैकेट, सिगरेट के टोंटे, ग्लास और प्लास्टिक की बोतलें बिखरी मिलीं। ग्रामीणों का आरोप है कि शाम होते ही भवन में नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लग जाता है।
भवन का एक कमरा बिना दरवाजे का है, जिससे किसी का भी आसानी से प्रवेश हो जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि लाखों रुपये से बना केंद्र बच्चों के उपयोग के बजाय असामाजिक गतिविधियों का स्थान बन गया है।
केंद्र के पास करीब सात लाख रुपये की लागत से बना खेल मैदान भी उपेक्षा का शिकार है। मैदान में घास-फूस उग आई है और कसरत की मशीनें जंग खा रही हैं। पेयजल के लिए दो हैंडपंपों की बोरिंग के बावजूद नल या सबमर्सिबल पंप नहीं लगाया गया। तालाब की सीढ़ियों पर भी घास उग आई है। ग्रामीणों ने अधिकारियों से सफाई और नियमित देखरेख कराने की मांग की है।
