विद्यार्थियों ने नाटक, गीत और नृत्य के जरिए स्वतंत्रता संग्राम के अनसुने नायकों की वीरगाथा को किया जीवंत
बदलापुर, जौनपुर। सल्तनत बहादुर पीजी कॉलेज, बदलापुर में शनिवार को 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, इतिहास-बोध और उत्साह के वातावरण में भव्य एवं गरिमामय ढंग से मनाया गया। समारोह में विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के ऐतिहासिक वीरों के साथ-साथ उन गुमनाम शहीदों की वीरगाथाओं को मंच पर जीवंत किया, जिनके त्याग और बलिदान को इतिहास के पन्नों में अपेक्षाकृत कम स्थान मिला है। कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह, एडवोकेट ने की। महाविद्यालय के प्रबंधक श्याम सिंह की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय के प्राचार्य प्रोफेसर अखंडप्रताप सिंह ने ध्वजारोहण कर किया। इसके बाद राष्ट्रगान हुआ। तिरंगा फहराते ही पूरा परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा।
समारोह का मुख्य आकर्षण विद्यार्थियों की विविध सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक प्रस्तुतियां रहीं। छात्र-छात्राओं ने नाटक, गीत, नृत्य एवं अन्य प्रस्तुतियों के माध्यम से स्वतंत्रता संग्राम के संघर्ष, त्याग और बलिदान की गाथाओं को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया। विशेष रूप से गुमनाम स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक कर दिया। विद्यार्थियों ने अपने अभिनय के माध्यम से संदेश दिया कि भारत की आजादी केवल कुछ प्रसिद्ध स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष का परिणाम नहीं थी, बल्कि इसके पीछे असंख्य ज्ञात-अज्ञात वीरों का त्याग, संघर्ष और समर्पण रहा है। मंच पर इन गुमनाम नायकों की गाथाओं को प्रस्तुत करने के प्रयास ने समारोह में ऐतिहासिक नयापन और भावनात्मक गहराई जोड़ दी।
छात्र-छात्राओं की प्रस्तुतियों में राष्ट्रप्रेम, इतिहास के प्रति जागरूकता और देश के प्रति सम्मान की भावना साफ दिखाई दी। उपस्थित दर्शकों ने तालियों के साथ विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। महाविद्यालय के पूर्व प्रबंधक विनोद सिंह ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को स्वतंत्रता के महत्व, देश के गौरवशाली इतिहास और राष्ट्र निर्माण में युवाओं की भूमिका के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और बलिदान से प्रेरणा लेकर देश की एकता, अखंडता और विकास में अपनी भूमिका निभानी चाहिए। कार्यक्रम का संचालन डॉ. रोहित सिंह ने किया। सांस्कृतिक एवं ऐतिहासिक प्रस्तुतियों में नन्दिनी, खुशी, खुशी, पिहू, कोमल, पायल, हर्ष, रुद्र, वतन, सृष्टि, शिवांग, सुप्रिया, खुशबू, आभा, रजनी, राधिका, स्मृति, काजल, काजल, राजलक्ष्मी, मीनाक्षी, रिंकी, शुभम, शालिनी, आरती, आयुषी, शगुन एवं महक सहित अनेक छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
समारोह में महाविद्यालय के समस्त सम्मानित प्राध्यापक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। स्वतंत्रता दिवस पर विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत की गईं ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने समारोह को यादगार बना दिया। कार्यक्रम ने जहां स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण कराया, वहीं युवा पीढ़ी को इतिहास से जुड़ने, अपने गौरवशाली अतीत को समझने और राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश भी दिया।
