Trending

Jaunpur News : समरसता संपर्क अभियान के तहत भाजपा उत्तरी मंडल ने किया गुरुजनों का सम्मान

टीम संचार सेतु

जौनपुर। भारतीय जनता पार्टी के संगठनात्मक निर्देशानुसार संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे समरसता संपर्क अभियान के अंतर्गत शुक्रवार को भाजपा जौनपुर नगर उत्तरी मंडल की ओर से गुरु पूर्णिमा के अवसर पर गुरु पूजन एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी के नेतृत्व में जोगेश्वर नाथ महादेव मंदिर, आलमगंज तथा माता विंध्यवासिनी मंदिर, ताड़तला परिसर में आयोजित कार्यक्रम में विद्वान गुरुजनों का पूजन कर उन्हें अंगवस्त्र व माल्यार्पण के साथ सम्मानित किया गया।

मुख्य अतिथि भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य राजेश श्रीवास्तव ‘बच्चा भइया’ एडवोकेट ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ही ऐसा राजनीतिक दल है जो सर्व समाज, संतों और धर्मगुरुओं का सम्मान करते हुए उनकी परंपराओं को आगे बढ़ाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि गुरुजनों का सम्मान भारतीय संस्कृति की पहचान है और भाजपा इसी भावना के साथ समाज के सभी वर्गों को जोड़ने का कार्य कर रही है।

ब्लॉक प्रमुख करंजाकला प्रतिनिधि सुनील यादव ‘ममन’ ने कहा कि संत रविदास महाराज के बताए मार्ग पर चलते हुए प्रदेश सरकार के खेल एवं युवा कल्याण राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव जनपद के प्रत्येक वर्ग के सम्मान और विकास के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। जिला उपाध्यक्ष एवं नगर उत्तरी मंडल प्रभारी परविंद चौहान ने कहा कि भाजपा का उत्तरी मंडल जिले के सक्रिय और अनुशासित मंडलों में शामिल है, जो संगठन के प्रत्येक कार्यक्रम को बूथ स्तर तक प्रभावी ढंग से संचालित करता है।

भाजपा जिला मंत्री सुधांशु सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में केंद्र एवं प्रदेश सरकार बिना किसी भेदभाव के जनहित में कार्य कर रही है। वहीं भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिलाध्यक्ष अनिल गुप्ता ने पदाधिकारियों से संगठन के प्रति समर्पण की भावना के साथ कार्य कर संगठन को और मजबूत बनाने का आह्वान किया।

मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों, गुरुजनों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हुए कहा कि भाजपा जौनपुर नगर उत्तरी मंडल सामाजिक समरसता और सभी वर्गों के सम्मान के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि अगस्त माह में आयोजित होने वाले प्रधानमंत्री के मन की बात कार्यक्रम का सामूहिक श्रवण आर.एल. चिल्ड्रेन हाई स्कूल, ताड़तला मखदूम शाह अढ़न में भव्य रूप से आयोजित किया जाएगा, जिसमें राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष सहित अनेक पदाधिकारी शामिल होंगे।

कार्यक्रम में पंडित शशिधर मिश्रा, पंडित ईसान चतुर्वेदी, पंडित धीरेन्द्र शास्त्री, पंडित अवधेश मिश्रा, पंडित गणेश मिश्रा, पंडित विनोद मिश्रा, पंडित रविन्द्र नारायण शुक्ला एवं पंडित राकेश शुक्ला सहित कई गुरुजनों का अंगवस्त्र पहनाकर एवं माल्यार्पण कर सम्मान किया गया। गुरुजनों ने वैदिक मंत्रोच्चार कर वातावरण को भक्तिमय बनाया और उपस्थित लोगों को आशीर्वाद प्रदान किया।

इस अवसर पर नगर महामंत्री कृष्णकांत साहू, नगर उपाध्यक्ष राघवेंद्र दुबे, शुभम कन्नौजिया, नगर मंत्री विकास अग्रहरि, मुकेश सोनी, नगर मीडिया प्रभारी सनी चौधरी, सोशल मीडिया प्रभारी सत्यम सोनी, गिरिजेश कुमार श्रीवास्तव, रमाशंकर सेठ, चंदन सोनी, रूपनारायण माली, कपिल चतुर्वेदी, राजेश जायसवाल, निखिल सिंह, रमन सोनकर, अजय सेठ, शिवम जायसवाल, हीरालाल मौर्य, अरुण गुप्ता सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में मंडल अध्यक्ष श्रीमती सारिका सचिन सोनी ने सभी अतिथियों एवं कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!