स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के रामपुर नदी गांव में जमीनी विवाद को लेकर शुक्रवार शाम दो पक्षों के बीच हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर पर कुल 15 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
एक पक्ष के सौरभ कुमार ने पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया कि शुक्रवार शाम करीब 6:30 बजे उनके पट्टीदार अजीत कुमार उर्फ पंडित, मुकेश, प्रदीप उर्फ लाला, विजय, प्रेमा देवी, अंतिम देवी तथा रीना देवी उनकी जमीन पर रखी नाद हटाने लगे। विरोध करने पर आरोपितों ने लाठी-डंडों व लात-घूंसों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता, भाई, बहन और मां भी घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष की प्रेमा देवी ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया कि उनकी जमीन पर अखिलेश, सौरभ, संचित, आंचल, दीक्षा, सुनीता, अच्छेलाल तथा मनीष जबरन कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे। विरोध करने पर उक्त लोगों ने उनके साथ मारपीट की।
कोतवाली पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर एक पक्ष से सात तथा दूसरे पक्ष से आठ लोगों समेत कुल 15 नामजद आरोपितों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी निरीक्षक दीपेंद्र सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों की मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है।
