Trending

Jaunpur News : रीलबाज शिक्षक पर छात्राओं से फोन पर संपर्क का आरोप

Naya Savera Network

कार्रवाई नहीं होने से शिक्षक के प्रति बढ़ी अभिभावकों की नाराजगी

जौनपुर। सरायख्वाजा थाना क्षेत्र के सिद्दीकपुर स्थित एक प्रतिष्ठित अंग्रेजी माध्यम विद्यालय के एक शिक्षक के व्यवहार को लेकर इन दिनों अभिभावकों में असंतोष देखा जा रहा है। कुछ अभिभावकों का आरोप है कि अंग्रेजी विषय पढ़ाने वाला एक युवा शिक्षक, जो सोशल मीडिया पर रील बनाने के कारण भी चर्चा में रहता है, वरिष्ठ कक्षाओं की कुछ छात्राओं से अलग-अलग बहानों से फोन पर संपर्क करने का प्रयास करता है।
अभिभावकों का कहना है कि वह छात्राओं से व्यक्तिगत बातचीत बढ़ाने की कोशिश करता है। उनका यह भी आरोप है कि बातचीत के दौरान वह तरह-तरह के आश्वासन देकर छात्राओं से संपर्क बनाए रखने का प्रयास करता है। कुछ छात्राओं ने स्वयं को इस व्यवहार से असहज महसूस होने की बात अपने परिजनों को बताई, जिसके बाद कई अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन से शिकायत की। शिकायत करने वाले अभिभावकों का कहना है कि मामले से विद्यालय प्रशासन को अवगत कराया गया है,लेकिन अब तक उन्हें किसी ठोस कार्रवाई की जानकारी नहीं मिली है। इसी कारण अभिभावकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि शिक्षण संस्थानों में विद्यार्थियों की सुरक्षा, गरिमा और विश्वास सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए तथा ऐसी शिकायतों को गंभीरता से लिया जाना आवश्यक है।क्षेत्र के लोगों का भी मानना है कि यदि किसी शिक्षक के व्यवहार को लेकर बार-बार शिकायतें सामने आ रही हैं, तो विद्यालय प्रबंधन को मामले का संज्ञान लेकर अपने स्तर पर आवश्यक प्रशासनिक कदम उठाने चाहिए। उनका कहना है कि समय रहते उचित कार्रवाई होने से छात्राओं और अभिभावकों का विश्वास बना रहेगा तथा विद्यालय की गरिमा भी कायम रहेगी।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!