जौनपुर। बेसिक शिक्षा विभाग द्वारा शैक्षिक सत्र 2026-27 में अधिक से अधिक बच्चों का विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से गुरुवार को टाउन हॉल मैदान नगर पालिका परिषद से ’स्कूल चलो अभियान’ की जनपदस्तरीय रैली का आयोजन किया गया। रैली का शुभारंभ राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) खेल एवं युवा कल्याण गिरीश चंद्र यादव ने हरी झंडी दिखाकर किया जो नगर पालिका के मैदान से शुरू होकर कोतवाली चौराहा, चहारसू, शाही किला, अटाला मस्जिद होते हुए पुनः नगर पालिका मैदान पर आकर शिक्षा के प्रति जनजागरूकता के संदेश के साथ समाप्त हो गयी।
इस मौके पर राज्यमंत्री ने कहा कि बच्चों के नामांकन तथा उनकी शिक्षा में गुरुजनों की भूमिका का महत्व सर्वोपरि है। विद्यालय चलो अभियान के प्रथम चरण से लेकर द्वितीय चरण तक जनपद में लगभग 60 हजार नए विद्यार्थियों का नामांकन किया जा चुका है तथा आगामी 15 जुलाई तक इस संख्या में और वृद्धि होने की संभावना है। कार्यक्रम में उपस्थित सभी शिक्षकों से आह्वान किया कि वे पूरे समर्पण, लगन और सेवा भाव के साथ बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करें तथा प्रत्येक विद्यार्थी के सर्वांगीण विकास के लिए निरंतर प्रयासरत रहें। साथ ही अभिभावकों से भी बच्चों की नियमित उपस्थिति एवं शिक्षा में सहयोग देने की अपील की गई।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने कहा कि जनपद में आज “विद्यालय चलो अभियान“ एवं “निपुण भारत मिशन“ के अंतर्गत जागरूकता रैली का आयोजन हुआ जिसका उद्देश्य प्रत्येक बच्चे का विद्यालय में नामांकन सुनिश्चित करना तथा शिक्षा के प्रति अभिभावकों एवं समाज को जागरूक करना है। सरकार द्वारा प्राथमिक एवं बेसिक शिक्षा के विद्यार्थियों के हित में अनेक जनकल्याणकारी योजनाएँ संचालित की जा रही हैं। इन योजनाओं के अंतर्गत प्रत्येक छात्र-छात्रा को डीबीटी के माध्यम से रु0 1200 की धनराशि यूनिफॉर्म, जूते, मोजे, स्वेटर तथा अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री हेतु प्रदान की जा रही है।
रैली में बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं, शिक्षकों, शिक्षा विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा और जागरूकता संदेश लिखी तख्तियां लेकर विद्यार्थियों ने शहरवासियों को बच्चों के शत-प्रतिशत नामांकन तथा नियमित विद्यालय भेजने के लिए प्रेरित किया। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि “हर बच्चा स्कूल जाए, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पाए“ अभियान का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने अभिभावकों से अपील किया कि वे अपने बच्चों का समय से विद्यालय में नामांकन कराकर उनके उज्ज्वल भविष्य की नींव मजबूत करें।
इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष मनोरमा मौर्या, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर जी, अधिशासी अधिकारी धर्मराज राम, समस्त खण्ड शिक्षा अधिकारी, जिला समन्वयक, एसआरजीद्वय, एआरपी सहित जिला प्रशासन एवं बेसिक शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारी, शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक आदि उपस्थित रहे। संचालन रमेश चन्द्र पटेल एवं नुपूर श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से किया। अन्त में बेसिक शिक्षा अधिकारी ने आभार व्यक्त करते हुसये रैली में शामिल सभी शिक्षकों एवं विद्यार्थियों से सुरक्षित एवं अनुशासित ढंग से रैली संपन्न करने का आग्रह किया। साथ ही सभी प्रतिभागियों को बच्चों की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखने की सलाह देते हुये कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए सभी का धन्यवाद ज्ञापित किया।
