Trending

Jaunpur News : भक्ति और उल्लास के बीच निकली रथयात्रा

Naya Savera Network

हजारों श्रद्धालुओं ने हाथों से खींचा भगवान जगन्नाथ का रथ, जयकारे से गूंजा शहर 

जौनपुर। भगवान जगन्नाथ,  बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की भव्य रथयात्रा गुरुवार को पूरे  उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुई। भगवान का रथ खींचने के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा नगर जय जगन्नाथ के जयघोष से गूंज उठा। प्रातःकाल श्री जगन्नाथ धाम रासमंडल में भगवान जगन्नाथ बलभद्र एवं देवी सुभद्रा के विग्रहों का षोडशोपचार पूजन डॉ रजनीकांत द्विवेदी के निर्देशन में सम्पन्न हुआ। मुख्य यजमान डॉ रजनीश श्रीवास्तव, डॉ स्मिता श्रीवास्तव, सीए संजय गुप्ता एवं नीलिमा गुप्ता ने भगवान का पूजन-अर्चन एवं महाआरती की। इसके उपरांत भगवान को शाही खिचड़ी का भोग अर्पित किया गया, जिसके बाद श्रद्धालुओं के लिए दर्शन के पट खोल दिए गए। सायंकाल भगवान  जगन्नाथ, बलभद्र एवं देवी सुभद्रा को भव्य रथ पर विराजमान कर ऐतिहासिक रथयात्रा निकाली गई। मुख्य ट्रस्टी संतोष गुप्ता सहित अतिथियों ने भगवान की आरती उतारी, नारियल फोड़कर रथयात्रा का शुभारंभ किया। रथयात्रा रासमंडल से प्रारंभ होकर मानिक चौक, राजा फाटक, सुतहट्टी चौराहा, कोतवाली चौराहा, चहारसू चौराहा, ओलंदगंज, नवदुर्गा शिव मंदिर, सद्भावना पुल एवं शाही किला होते हुए पुनः जगन्नाथ धाम रासमंडल पहुंचकर संपन्न हुई। रथयात्रा में राज्यमंत्री गिरीश चन्द्र यादव मुख्य अतिथि तथा वरिष्ठ भाजपा नेता ज्ञानप्रकाश सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। रथयात्रा में महंत महेन्द्र दास त्यागी महाराज, श्याम मोहन अग्रवाल, अरुण त्रिपाठी, मनीष देव, निखिलेश सिंह, अनिल अस्थाना, रंजीत अग्रहरि, संजय पाठक, डॉ एमएम वर्मा, डॉ विकास रस्तोगी, शैलेंद्र मिश्रा, सरिता मिगलानी, राजेश जावा, शिव शंकर साहू, नीरज श्रीवास्तव, संतोष मिश्रा, पंडित निशाकांत द्विवेदी, पंडित आशुतोष मिश्रा, प्रथमेश शुक्ला, अलका उपाध्याय, अवंतिका सिंह सहित जनपद के अनेक गणमान्य नागरिक एवं हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। यात्रा मार्ग पर व्यापार मंडल, बोल बम कांवरिया संघ, अनाज व्यापार मंडल, स्वर्णकार समाज सहित अनेक सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों ने भगवान के रथ पर पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। श्रद्धालुओं के लिए जगह-जगह शीतल जल एवं जलपान की विशेष व्यवस्था की गई। पूरे मार्ग में भजन-कीर्तन, जयघोष और आकर्षक धार्मिक झांकियां श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहीं। रथयात्रा महोत्सव समिति के अध्यक्ष शशांक सिंह 'रानू', महामंत्री शिव शंकर साहू एवं राजेश गुप्ता ने सभी श्रद्धालुओं, सामाजिक संगठनों, प्रशासन एवं नगरवासियों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!