बरसठी, जौनपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र में मुम्बई सीआईडी क्राइम ब्रांच ने डीसीपी क्राइम ब्रांच नवनाथ ढवले के नेतृत्व में बरसठी पुलिस के सहयोग से क्षेत्र में बड़ी छापेमारी कर कथित तौर पर संचालित किये जा रहे ड्रग्स नेटवर्क का खुलासा किया। पुलिस के अनुसार एनडीपीएस एक्ट 1985 की धारा 54/26 के तहत की गयी कार्यवाही में स्थानीय थाना क्षेत्र के वारीगांव निवासी सत्यम मिश्रा पुत्र सुशील मिश्रा को गिरफ्तार किया गया जिसके कब्जे से 26.5 ग्राम मादक पदार्थ बरामद हुआ। जांच में ऑनलाइन लेनदेन और ड्रग्स की आपूर्ति से जुड़े अहम सुराग मिलने की बात कही गई है।
पुलिस ने बताया कि मामले में दूसरा आरोपी खोईरी निवासी किशन यादव पुत्र अशोक यादव वांछित है। उसके घर की तलाशी के दौरान 3.15 लाख रुपये नकद, इलेक्ट्रॉनिक तराजू, पैकिंग के लिए पाउच तथा 66.91 ग्राम मादक पदार्थ बरामद किए गए। फरार आरोपी की तलाश में दबिश जारी है। संयुक्त कार्रवाई को स्थानीय स्तर पर ड्रग्स तस्करी के विरुद्ध बड़ी सफलता माना जा रहा उपरोक्त दोनों आरोपी बाहर से सामान मंगाकर अपने यहां मादक पदार्थ बनाकर सप्लाई करते थे।
