जौनपुर 19 जुलाई 2026 (सू०वि०)- जिला मलेरिया अधिकारी जौनपुर सुनील कुमार यादव द्वारा संचारी रोग नियंत्रण अभियान एवं फाइलेरिया रुग्णता प्रबंधन कैंप के तहत 18 जुलाई को ब्लॉक मुफ्तीगंज के ग्राम विजयीपुर में स्थित आयुष्मान आरोग्य मंदिर पर सी एच ओ खुशबू मौर्या, डी ओ पाथ अमरेश कुमार एवं क्षेत्रीय आशाओं के सहयोग से फाइलेरिया हाथीपांव मरीजों के लिए रूग्णता प्रबंधन एवं दिव्यांगता रोकथाम कैंप आयोजित कर समस्त 10 मरीजों को रूग्णता प्रबंधन प्रशिक्षण, एक्सरसाइज साफ सफाई, धुलाई आदि की जानकारी देकर रुग्णता प्रबंधन किट प्रदान की गई।
समस्त मरीजों एवं उनके परिजनों को संचारी रोगों के कारण लक्षण बचाव, मच्छरों के रोक थाम, साफ सफाई, झाड़ी की कटाई, हाथ धोने के महत्व आदि की जानकारी दी गई, पोस्टर पैम्फलेट वितरण किया गया। साथ ही अगली कड़ी में विजयीपुर ग्राम में संचारी दस्तक अभियान संबंधित गतिविधियों का पर्यवेक्षण किया गया इस दौरान आशा विजय लक्ष्मी पाठक उपस्थित रहीं। जन समुदाय को संचारी रोगों के बारे में जानकारी दी गई।
इस क्रम में प्राथमिक विद्यालय विजयीपुर स्कूल प्रिंसिपल श्रीमती प्रतीक्षा राय एवं छात्र छात्राओं के बीच भी संचारी रोगों के कारण लक्षण बचाव जांच उपचार, हाथ धोने, साफ सफाई आदि के महत्व पर चर्चा की गई। और बताया गया कि संचारी रोग उन समस्त रोगों को कहते हैं जो एक बीमार व्यक्ति से दूसरे लोगों में मच्छर, मक्खी, दूषित भोजन पानी, खुले में रखी खाद्य सामग्रियों के सेवन, छींकने, खांसने आदि से फैलते हैं जैसे मलेरिया, फाइलेरिया, डेंगू, चिकुनगुनिया, टीबी, कुष्ठ, टाइफॉयड, हैजा, डायरिया, चेचक, स्क्रब टायफस आदि प्रमुख संचारी रोग हैं।
जनपद में संचारी दस्तक अभियान 01 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक तथा दस्तक अभियान 11 जुलाई से 31 जुलाई 2026 तक संचालित हो रहा है, जिसमें स्वास्थ्य विभाग एवं बाल विकास विभाग से आशा, आंगनवाड़ी कार्यकत्री घर घर भ्रमण कर संचारी रोगों से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक करेंगी तथा टीबी, कुष्ठ, मलेरिया, डेंगू, फाइलेरिया आदि लक्षण युक्त मरीजों को चिन्हित कर उनका जांच उपचार कराने हेतु स्वास्थ्य केंद्र संदर्भित करेंगी।
संचारी रोगों से बचाव हेतु अपील - समस्त जनसमुदाय से निवेदन है कि आप अपने घरों के आस पास साफ सफाई रखें, झाड़ियां न उगने दें, जल जमाव न होने दें, नालियों में कूड़ा कबाड़ न डालें, रुके हुए पानी में जला हुआ मोबिल ऑयल डालें, कूलर फ्रिज की ट्रे, गमले आदि में जमा पानी सफ्ताह में एक बार अवश्य बदल दें, टंकियों को ढक कर रखें, पूरी आस्तीन के कपड़े पहने, खुली बदन न सोएं, सोते समय मच्छरदानी लगाएं, खुले में शौच न करें,खाना खाने से पहले साबुन से हाथ अवश्य धोएं, बुखार हो तो तत्काल नजदीकी सरकारी स्वास्थ्य केंद्र जाकर अपना निःशुल्क जांच उपचार कराएं, बुखार में देरी पड़ेगी भारी।
जल जमाव होगा जहां, मच्छर पैदा होंगे वहां।
शूकर, मच्छर, गंदा पानी, संचारी रोगों की रचे कहानी।
