जौनपुर 28 जुलाई, 2026 (सू0वि0) - यूनियन ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान सिद्धिकपुर में प्रशिक्षित कृषि उद्यमी स्वावलंबन (एग्रीजंक्शन) योजना के तहत चयनित 21 अभ्यर्थियों की 13 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम सम्पन्न हुआ।
समापन समारोह में प्रशिक्षुओं को संबोधित करते हुए उप कृषि निदेशक डा. अश्वनी कुमार सिंह ने कहा कि किसानों को समस्त कृषि निवेशों यथा बीज, उर्वरक, कीटनाशक, जैव उत्पाद, कृषि यंत्र और सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही छत के नीचे उपलब्ध होगी, इन केंद्रों पर किसान आधुनिक तकनीक, मृदा परीक्षण के आधार पर उर्वरक का सुझाव, फसल प्रबंधन और बाजार संबंधी जानकारी प्राप्त कर सकेंगे, इसके अलावा छोटे कृषि यंत्र किराए पर मिलेंगे, उपकरणों की मरम्मत, कृषि उत्पादों की बिक्री और प्रसंस्करण की सुविधा भी मिलेगी।
उप परियोजना निदेशक आत्मा डा. रमेश चंद्र यादव ने बताया कि प्रत्येक वन स्टाप शॉप (एग्रीजंक्शन) केंद्र की लागत लगभग 4.22 लाख रुपया निर्धारित की गई है, जिसमें 3.5 लाख तक का बैंक ऋण उपलब्ध कराया जाएगा जिस पर 7.5 प्रतिशत की दर से ब्याज अनुदान दिया जाएगा। पहले वर्ष में किराया सहायता के रूप में 24 हजार रुपए और प्रशिक्षण व अन्य खर्चो के लिए भी सहायता दी जाएगी। प्रति केंद्र 77900 तक की सहायता का प्रावधान है, उन्होंने कहा कि किसानों को उनके क्षेत्र में समय से कृषि निवेशों की उपलब्धता से जहा उत्पादन बढ़ेगा वही रोजगार का सृजन भी होगा।
आरसेटी निदेशक उपेंद्र कुमार ने कहा कि योजना से किसानों को जहां एक ही जगह कृषि निवेश प्राप्त होगे वही उचित परामर्श भी मिलने से लागत कम एवं उत्पादन अधिक प्राप्त होगी। चयनित अभ्यर्थियों को प्रशिक्षण प्रमाण पत्र वितरित किया गया।
अंत में अभिषेक दुबे वरिष्ठ संकाय द्वारा आभार ज्ञापित किया गया। इस मौके पर कार्यालय सहायक जगदीश गौड़ सहित 21 प्रशिक्षु अभ्यर्थी मौजूद रहे।
