Trending

Jaunpur News : ससुराल वालों की प्रताड़ना से आहत महिला ने दो बच्चों संग गोमती में कूदकर जान देने का किया प्रयास, मछुआरों ने बचाई तीनों की जान

Naya Savera Network
 
जौनपुर। नगर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक बड़ा हादसा टल गया, जब आजमगढ़ जिले की एक महिला अपने दो मासूम बच्चों के साथ गोमती नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास करने लगी। नदी में मछली पकड़ रहे मछुआरों की सतर्कता से महिला और दोनों बच्चों की जान बच गई।

जानकारी के अनुसार आजमगढ़ जिले के फूलपुर थाना क्षेत्र के गोबरा गांव निवासी 32 वर्षीय गुंजा यादव पत्नी अनिल यादव शनिवार शाम करीब चार बजे नगर कोतवाली क्षेत्र स्थित शास्त्री पुल के समीप धोबी घाट पहुंची। वहां वह अपने दो छोटे बच्चों के साथ गोमती नदी में उतर गई और डूबकर आत्महत्या का प्रयास करने लगी।

नदी में मछली पकड़ रहे बृजेश निषाद, अजय निषाद, सूरज निषाद तथा अन्य मछुआरों ने महिला और बच्चों को डूबते देखा तो तत्काल नदी में छलांग लगाकर तीनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना की सूचना मिलने पर नगर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला व बच्चों को अपने साथ कोतवाली ले गई।

पूछताछ में महिला ने बताया कि उसका पति विदेश में रहता है तथा ससुराल पक्ष के लोग उसे प्रताड़ित करते हैं। इसी से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया। बाद में पुलिस ने महिला के पिता राम लोटन को आजमगढ़ से बुलाकर महिला और दोनों बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!