जौनपुर। जनपदवासियों की लंबे समय से चली आ रही मांग अब पूरी होने जा रही है। पटना और कोटा के बीच संचालित 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस का ठहराव जल्द ही जौनपुर सिटी रेलवे स्टेशन पर होगा। केंद्रीय रेल मंत्रालय द्वारा इस प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान किए जाने के बाद जिले के यात्रियों में खुशी की लहर है।
जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश सरकार में खेल एवं युवा कल्याण राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) गिरीश चंद्र यादव ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से कई बार मुलाकात कर जौनपुर सिटी स्टेशन पर ट्रेन के ठहराव की मांग की थी। हाल ही में 18 मई 2026 को भी उन्होंने रेल मंत्री से मिलकर इस संबंध में आग्रह किया था।
राज्यमंत्री के प्रयासों को स्वीकार करते हुए रेल मंत्रालय ने गाड़ी संख्या 13239/13240 पटना-कोटा एक्सप्रेस के जौनपुर सिटी स्टेशन पर ठहराव को मंजूरी दे दी है। रेलवे द्वारा आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद ट्रेन का ठहराव शुरू कर दिया जाएगा।
मंत्री के मीडिया प्रभारी मनीष श्रीवास्तव ने बताया कि यह जौनपुर के लिए बड़ी उपलब्धि है। ट्रेन के ठहराव से यात्रियों को बेहतर रेल सुविधा मिलेगी, साथ ही रोजगार, व्यापार और आवागमन को भी बढ़ावा मिलेगा। विशेष रूप से राजस्थान, बिहार और पूर्वांचल के बीच यात्रा करने वाले लोगों को इसका सीधा लाभ मिलेगा। बताते चले कि वर्षों पूर्व आरिफ अंसारी पत्रकार ने इस ट्रेन के ठहराव के लिए कई बार रेल मंत्रालय को पत्र लिखा था। परंतु ठहराव होते होते रह गया था। पटना कोटा के ठहराव की सूचना मिलते ही आरिफ अंसारी ने मा0मंत्री जी का आभार व्यक्त किया।
जिले के लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए केंद्रीय रेल मंत्री और राज्यमंत्री गिरीश चंद्र यादव के प्रति आभार व्यक्त किया है।



إرسال تعليق