जौनपुर। नगर के बीआरपी इण्टर कालेज मैदान में बीते 22 मई से आयोजित ड्रीमलैंड फेयर प्रदर्शनी मेला इन दिनों बच्चों, युवाओं और महिलाओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। रंग-बिरंगी रोशनी, आधुनिक झूलों, आकर्षक सेल्फी प्वाइंट्स और शिमला-श्रीनगर थीम पर तैयार किये गये कृत्रिम झरनों ने मेले की रौनक को और बढ़ा दिया है। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग अपने परिवार और मित्रों के साथ मेले का आनंद लेने पहुंच रहे हैं। मेले की सबसे खास पहचान शिमला और श्रीनगर की तर्ज पर तैयार किया गया करीब 100 फीट लंबा आर्टिफिसियल झरना है जहां बहते पानी की ठंडी-ठंडी फुहारें लोगों को भीषण गर्मी के बीच राहत का एहसास करा रही हैं। झरने के आस—पास लोग फोटो और सेल्फी लेते नजर आ रहे हैं। बच्चों और युवाओं में इस आकर्षण को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।
मेले में स्थापित रेंजर झूला, डबल डिस्क झूला, टॉय ट्रेन, जापानी चिल्ड्रेन पार्क सहित अन्य देशी-विदेशी झूले लोगों को रोमांचित कर रहे हैं। खास तौर पर बच्चों के लिए लगाए गए मनोरंजक झूले उनकी पहली पसंद बने हुए हैं। शाम होते ही झूलों पर लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। प्रदर्शनी में बनाए गए सेल्फी प्वाइंट भी लोगों को खूब आकर्षित कर रहे हैं। वंदे भारत एक्सप्रेस, श्रीनगर रेलवे स्टेशन, कश्मीर वैली और लाल चौक की थीम पर तैयार किए गए आकर्षक मॉडल युवाओं के बीच चर्चा का विषय बने हुए हैं। मेले में आने वाले अधिकांश युवा इन स्थानों पर अपने मोबाइल फोन से तस्वीरें और वीडियो बनाते दिखाई दे रहे हैं।
महिलाओं के लिए लगाये गये मीना बाजार में भी भारी भीड़ उमड़ रही है। यहां घरेलू उपयोग की सामग्री, सौंदर्य प्रसाधन, वस्त्र, आभूषण, किचन आइटम और बर्तनों की दुकानों पर खरीददारी करने वालों की अच्छी खासी भीड़ देखी जा रही है। गृहणियां अपनी जरूरतों के सामान की खरीदारी के साथ मेले के अन्य आकर्षणों का भी आनंद ले रही हैं। खान—पान के शौकीनों के लिए भी मेला किसी उत्सव से कम नहीं है। परिसर में जगह-जगह लगाये गये फास्ट फूड स्टॉल्स पर चाट, गोलगप्पे, बर्गर, पिज्जा, आइसक्रीम सहित अन्य स्वादिष्ट व्यंजनों का लोग भरपूर आनंद ले रहे हैं। परिवार के साथ पहुंचे लोग खरीदारी और मनोरंजन के साथ लजीज व्यंजनों का भी स्वाद चख रहे हैं।
मेले के आयोजक आनन्द त्रिपाठी एवं शिवशंकर सिंह ने संयुक्त रूप बताया कि जनपद में पहली बार शिमला और श्रीनगर थीम पर इतने बड़े पैमाने पर आकर्षण तैयार किए गए हैं। लोगों का उत्साह और समर्थन लगातार बढ़ रहा है जिससे मेला सफलतापूर्वक संचालित हो रहा है। मेला प्रतिदिन शाम 5 बजे से रात 10 बजे तक खुला रहता है। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी विशेष इंतजाम किये गये हैं। जिला प्रशासन के सहयोग से आयोजित इस मेले में स्थानीय पुलिस की तैनाती की गई है। साथ ही मुख्य द्वार के पास सीसीटीवी कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है जहां से पूरे मेले की गतिविधियों पर निगरानी रखी जा रही है। आयोजकों ने जनपदवासियों से अपील किया कि वे अपने परिवार और बच्चों के साथ ड्रीमलैंड फेयर में पहुंचकर मनोरंजन, खरीदारी और विभिन्न आकर्षणों का आनंद उठाएं। वर्तमान में यह मेला जौनपुरवासियों के लिए गर्मी की छुट्टियों का सबसे बड़ा मनोरंजन केंद्र बन गया है।

إرسال تعليق