Trending

Jaunpur News : मुहर्रम को सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न कराने को लेकर हुई बैठक

Naya Savera Network
जौनपुर। जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. एवं पुलिस अधीक्षक अनुपम सिंह की उपस्थिति में कलेक्ट्रेट सभागार में मुहर्रम को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराए जाने हेतु बैठक हुई। इस मौके पर जिलाधिकारी ने मुहर्रम के जुलूसों को निर्धारित मार्ग एवं परंपरागत स्वरूप बनाए रखने तथा किसी भी नई परंपरा की अनुमति न दिए जाने के निर्देश दिये। साथ ही कानून व्यवस्थाए, सुरक्षा, साफ-सफाई, विद्युत एवं पेयजल व्यवस्था की समीक्षा करते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश किये।
जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देशित किया कि मुहर्रम के दौरान आपातकालीन स्वास्थ्य सेवाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा एम्बुलेंस, सीएचसी, पीएचसी एवं अन्य स्वास्थ्य केंद्रों को पूर्ण रूप से तैयार रखा जाय। विद्युत विभाग के अधिकारियों को अलर्ट मोड में कार्य करते हुए निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। लोक निर्माण विभाग और एक्स ई एन जल निगम को जुलूस मार्गों की सड़कों की मरम्मत एवं आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा नगर निकायों को साफ-सफाई एवं स्वच्छता व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जनपद में पूर्व में त्योहारों का आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया गया है और मुहर्रम को भी उसी प्रकार सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया जाएगा जिसके लिए पुलिस विभाग के द्वारा सभी तैयारी पूर्ण कर ली गयी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की नई परंपरा प्रारंभ नहीं की जाएगी तथा ताजियों की ऊंचाई एवं चौड़ाई निर्धारित मानकों के अनुरूप ही होगी। किसी भी सूचना अथवा समस्या के लिए पुलिस एवं प्रशासन 24 घंटे उपलब्ध है। इस दौरान पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाये रखते हुये आमजन को किसी प्रकार की असुविधा नहीं होने दी जायेगी।
इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक आयुष श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी (भू-राजस्व) अजय अम्बष्ट, नगर मजिस्ट्रेट इंद्रनन्दन सिंह, पत्रकार शम्भूनाथ सिंह, वरिष्ठ पत्रकार लोलारक दूबे, विनय त्रिपाठी सहित शान्ति समिति के सदस्य, जनपदस्तरीय अधिकारीगण उपस्थित रहे।

#buttons=(Ok, Go it!) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Check Now
Ok, Go it!